भोपाल में 20 हजार युवाओं से CM का संवाद : 12 नए मेडिकल कॉलेज, प्रतियोगी परीक्षाओं की फ्री कोचिंग...मुख्यमंत्री के बड़े ऐलान
CM Youth Conclave 2026 in Bhopal : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने युवाओं को लेकर कई घोषणाएं कीं। कार्यक्रम में शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार भी शामिल हुए और मंच से युवाओं को संबोधित किया।
CM Youth Conclave : मध्य प्रदेश। आने वाले साल में अगले साल युवा वर्ष के तहत युवाओं के लिए दो बार PSC परीक्षा कराई जाएगी। अगले साल युवा वर्ष मनाया जाएगा, इसलिए दो बार परीक्षा कराने का फैसला लिया गया है। 12 मेडिकल कॉलेज खोले जाएंगे। हर महीने एक मेडिकल कॉलेज बनाया जाएगा। साथ ही 12 नई स्किल यूनिवर्सिटी खोली जाएंगी। प्रदेश के सभी जिलों के शासकीय महाविद्यालयों में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए निःशुल्क कोचिंग की व्यवस्था करेगी। रिसर्च स्कॉलर्स के लिए रिसर्च स्कॉलरशिप ₹16,000 से बढ़ाकर ₹25,000 प्रति माह करने की घोषणा करता हूं। ये बात मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भोपाल के लाल परेड मैदान में आयोजित सीएम यूथ कॉन्क्लेव-2026 कार्यक्रम में युवाओं को संबोधित करते हुए कही है।
इस दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने युवाओं को लेकर कई घोषणाएं कीं। कार्यक्रम में शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार भी शामिल हुए और मंच से युवाओं को संबोधित किया। इसके अलावा मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंच से "सेवा संकल्प अभियान-2026" अंतर्गत "मध्यप्रदेश-सेवा फर्स्ट-इनोवेशन चैलेंज" के पंजीयन का रिमोट का बटन दबाकर शुभारंभ किया।

अब तक अलग-अलग क्षेत्रों में 85 हजार नौकरियां दी
सीएम डॉ. मोहन यादव ने संबोधित करते हुए कहा कि, राज्य में सभी असंभव काम एक-एक करके पूरे हो रहे हैं। जिन कामों के कारण कभी मप्र को सिर्फ कृषि आधारित प्रदेश कहा जाता था, अब वही प्रदेश उद्योग लगाने, मेडिकल और इंजीनियरिंग कॉलेज स्थापित करने वाला बन गया है। ढाई साल के भीतर मप्र सभी क्षेत्रों में तेजी से आगे बढ़ा है। अलग-अलग क्षेत्रों में राज्य ने अब तक 85 हजार नौकरियां दी हैं।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि, अभी दो दिन पहले युवाओं के भरोसे हमनें क्रिकेट मैच में पाकिस्तान को पटखनी दी है। एक ही दिन तीन क्रिकेट की टीमें अलग-अलग जगह जीतीं। एक टीम गोल्ड मेडल लेकर भी आई।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 'सीएम यूथ कॉन्क्लेव-2026' में रोबोट से हाथ मिलाया और कदमताल किया।










मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत राज्य स्तरीय चित्रकला प्रदर्शनी और भाषण प्रतियोगिता के पुरस्कार वितरण कार्यक्रम में विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया।





मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भोपाल में सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जिला शिक्षा अधिकारियों को सम्मानित किया।





सीएम यूथ कॉन्क्लेव में मुख्यमंत्री की प्रमुख घोषणाएं
- प्रदेश के शासकीय महाविद्यालयों में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए नि:शुल्क कोचिंग क्लासेस शुरू होंगी।
- उच्च शिक्षा में शोध को प्रोत्साहन देने के लिए शोधार्थियों मिलने वाली राशि 16 हजार से बढ़ाकर 25 हजार रुपए प्रतिमाह की जाएगी।
- सभी शासकीय महाविद्यालयों में अत्याधुनिक आर्टिफीशियल इंटेलिजेंस और एडवांस कम्प्युटिंग लैब की स्थापना की जाएगी।
- स्टार्टअप के लिए अच्छे आइडियाज मिलें, इसके लिए 5 करोड़ रुपए का आइडिया फंड बनाने का प्रावधान किया गया है।
- स्नातकोत्तर की छात्राओं को गांव की बेटी और प्रतिभा किरण योजना के दायरे में शामिल किया जाएगा।
- युवाओं के प्लेसमेंट कराने के लिए एक एजेंसी नियुक्त की जाएगी। सरकार युवाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए काम करेगी।
- राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) की 500 नई ईकाइयां बनाई जाएंगी।
- शोध संस्था में 1 करोड़ रुपए का फंड विश्वविद्यालय निधि से स्थापित किया जाएगा।
- प्रदेश के एक लाख युवाओं को कौशल उन्नयन योजना से जोड़ा जाएगा।
- प्रत्येक संभाग में कामकाजी महिलाओं के लिए हॉस्टल बनाए जाएंगे।
- वर्ष 2027 में फिर ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट (जीआईएस) का आयोजन होगा।
- प्रदेश में पीएससी की सालाना परीक्षा के अतिरिक्त अब हर वर्ष एक विशेष परीक्षा भी आयोजित की जाएगी।
- युवा वर्ष 2027 के लिए एक पोर्टल की शुरुआत करेंगे, जिसमें युवा अपने आइडिया और सुझाव दे सकते हैं। उन्हें लागू करेंगे।
- अगले वर्ष 12 नए मेडिकल कॉलेज और रोजगार परख कोर्स के लिए 12 स्किल यूनिवर्सिटी प्रारंभ की जाएंगी।
क्यों खास है यह कॉन्क्लेव
मध्यप्रदेश में 18 से 29 साल के करीब 1.41 करोड़ युवा हैं। विधानसभा चुनाव में इनकी हिस्सेदारी करीब 26% है। 2028 के चुनाव में यह वर्ग बड़ा असर डाल सकता है। देशभर में 2026 में 15-29 साल के करीब 36.74 करोड़ युवा हैं, यानी कुल आबादी का 26%। ये ही 2029 के लोकसभा चुनाव में वोटर बनेंगे। चुनाव आयोग के आंकड़ों के मुताबिक 2024 लोकसभा चुनाव में 18-29 साल के वोटरों की हिस्सेदारी 22.78% थी।
युवाओं के सपनों को नई उड़ान
संबोधन में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में शासन प्रमुख के रूप में 25 वर्ष पूर्ण हो रहे हैं। उनके नेतृत्व में युवाओं के सपनों को नई उड़ान और अवसर मिल रहे हैं। यह बदलते दौर का नया भारत है। हमारी क्रिकेट टीम ने एशियन गेम्स में पाकिस्तान को हराकर स्वर्ण पदक हासिल किया है। वहीं, एशियन गेम्स में मध्यप्रदेश के युवा खिलाड़ियों ने पांच स्वर्ण पदक जीतकर प्रदेश और देश का गौरव बढ़ाया है। देश का मान बढ़ाने वाले सभी युवा खिलाड़ियों को मैं हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देता हूं।
MP में बेरोजगारी की दर भी सबसे कम
सीएम ने आगे कहा कि, हमें गर्व है कि हमारा मध्यप्रदेश सबसे युवा प्रदेश है, यहां बेरोजगारी की दर भी सबसे कम है। अलग-अलग शासकीय पदों पर 85 हजार युवाओं को शासकीय नौकरी मिली है। अगले वर्ष युवा वर्ष में हम वर्ष में 2 बार पीएससी कराएंगे। अगले वर्ष 12 मेडिकल कॉलेज तथा 12 नई यूनिवर्सिटी भी मध्यप्रदेश में खोली जाएगी।
प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए फ्री कोचिंग
मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि, हमारी सरकार प्रदेश के सभी जिलों के शासकीय महाविद्यालयों में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए निःशुल्क कोचिंग की व्यवस्था करेगी। रिसर्च स्कॉलर्स के लिए रिसर्च स्कॉलरशिप ₹16,000 से बढ़ाकर ₹25,000 प्रति माह करने की घोषणा करता हूं।
सभी शासकीय महाविद्यालयों में अत्याधुनिक आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और एडवांस्ड कंप्यूटिंग लैब स्थापित की जाएंगी। युवाओं के स्टार्टअप आइडिया को प्रोत्साहित करने के लिए राज्य स्तर पर ₹5 करोड़ का आइडिया फंड बनाया जाएगा।
बेटियों के लिए "गांव की बेटी" और "प्रतिभा किरण" योजना का दायरा बढ़ाया जाएगा। कॉलेजों में बेहतर प्लेसमेंट के लिए एक विशेष एजेंसी भी निर्धारित की जाएगी। अगला वर्ष "युवा वर्ष" होगा। एक वर्ष में एमपीपीएससी की एक नहीं, दो परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी। साथ ही प्रदेश में 12 नए मेडिकल कॉलेज और 12 नई यूनिवर्सिटी खोली जाएंगी।
अब पढ़िए युवाओं के सवालों पर सीएम के जवाब
बदलते दौर में टेक्नोलॉजी के साथ हम देख रहे हैं कि AI और स्टार्टअप में काफी चेंज हो रहे हैं। सर मैं आपसे ये जानना चाहूंगी कि हमारी मध्यप्रदेश की सरकार हमारे युवाओं के लिए क्या रोड मैप लाती है AI और स्टार्टअप फील्ड में ?
- ईशा वारासकर, छात्रा, बीटेक प्रथम वर्ष (लक्ष्मी नारायण कॉलेज ऑफ टेक्नोलॉजी)
देखिए, हमारी सरकार युवाओं के विचारों और नवाचार को बढ़ावा देने के लिए लगातार काम कर रही है। मध्यप्रदेश में एआई सिटी भोपाल, आईटी सिटी और साइंस सिटी विकसित की जा रही हैं। नवाचार के बल पर हर क्षेत्र में नए विचारों को प्रोत्साहन दिया जा रहा है।
सेमीकंडक्टर से लेकर नई तकनीकों तक, युवाओं के हर नए आइडिया को आगे बढ़ाने के लिए सरकार सहयोग कर रही है। स्टार्टअप के लिए सरकार प्रति युवा लगभग ₹5 लाख तक का अनुदान भी दे रही है।
हमारा लक्ष्य केवल रोजगार पाने वाले युवा तैयार करना नहीं, बल्कि रोजगार देने वाले युवा तैयार करना है। इसी दिशा में उद्योगों से युवाओं को जोड़कर उन्हें लंबे समय तक अवसर उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।
युवाओं के लिए इंदौर और रीवा में आईटी पार्क, उज्जैन में आईटी क्षेत्र का विस्तार और अब इसी माह ग्वालियर में देश का सबसे बड़ा टेलीकॉम हब बनाने की दिशा में काम हो रहा है।
मध्यप्रदेश सरकार आज के दौर की नई तकनीक, नवाचार और स्टार्टअप को बढ़ावा देने के लिए युवाओं के साथ पूरी प्रतिबद्धता से खड़ी है।
- मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव

मुख्यमंत्री जी, देश के युवा हर क्षेत्र में युवा आगे बढ़ रहे हैं लेकिन कई युवाओं में नशे की ग़लत लत भी लग रही है, जिससे उनके भविष्य पर दुष्प्रभाव पड़ रहा है। मध्यप्रदेश सरकार युवाओं को इस लत से बचाने के लिए क्या कार्रवाई कर रही है?
डॉ. निशा चटर्जी, चिरायु मेडिकल कॉलेज
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में वर्ष-2029 तक हमने नशामुक्त मध्यप्रदेश बनाने का संकल्प लिया है। नशे के ख़िलाफ़ हमारी सरकार विशेष अभियान चलाकर कठोर कार्रवाई के लिए प्रतिबद्ध है।
- डॉ. मोहन यादव, मुख्यमंत्री

हमारा प्रदेश कृषि क्षेत्र में लगातार आगे बढ़ रहा है। कई पुरस्कार भी प्राप्त कर रहा है। क्या आपकी सरकार युवाओं को कृषि व्यवसाय से जोड़ने के लिए काम कर रही है? निजी क्षेत्र में इसके लिए क्या प्रयास किए जा रहे हैं?
छात्रा मायसा खान , ऑरिएंटल इंस्टिट्यूट ऑफ साइंस एंड टेक्नोलॉजी
कृषि क्षेत्र में हमारी सरकार तेजी से काम कर रही है। सरकार खेत से लेकर फूड प्रोसेसिंग तक पूरी वैल्यू चेन विकसित करने की दिशा में काम कर रही है। हमारे यहां अब ड्रैगन फ्रूट की खेती हो रही है और मशरूम उत्पादन से भी युवा अच्छी कमाई कर रहे हैं। कई युवा कृषि के क्षेत्र में नए प्रयोग कर रहे हैं।
प्रदेश में हमारी सरकार ने करीब पौने 14 लाख किसानों से 1 लाख मीट्रिक टन गेहूं की रिकॉर्ड खरीदी की है। आने वाले समय में किसानों को दिन में 10 घंटे बिजली उपलब्ध कराने की दिशा में भी काम किया जा रहा है।
हम ऑर्गेनिक फार्मिंग के साथ-साथ कॉन्ट्रैक्ट फार्मिंग को भी बढ़ावा दे रहे हैं। इसके अलावा दूध उत्पादन बढ़ाने और डेयरी क्षेत्र को मजबूत करने पर भी सरकार का विशेष फोकस है।
- मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव
मध्यप्रदेश में युवाओं का रुझान खेलों की ओर बढ़ा है। सरकार मध्यप्रदेश को देश का स्पोर्ट्स हब बनाने के लिए क्या प्रयास कर रही है?
- छात्र लक्ष्य श्रीवास्तव , स्कोप ग्लोबल यूनिवर्सिटी
भोपाल में अंतरराष्ट्रीय स्तर का बड़ा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स बनाया जा रहा है। यहां से निकले खिलाड़ियों ने एशियाड में 5 गोल्ड सहित 11 पदक जीते हैं। हमने खेल को स्कूलों में एक विषय के रूप में शामिल किया है। प्रदेश की सभी 230 विधानसभा सीटों पर सरकार खेल मैदान विकसित करने जा रही है। इस क्षेत्र में बड़ी संभावनाएं हैं। शूटिंग में भोपाल के खिलाड़ियों ने भी देश का नाम रोशन किया है। वर्ष 2027 को युवा वर्ष के रूप में मनाते हुए खेलों को टॉप प्रायोरिटी में रखा जाएगा।
- मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव
हम युवा आज के सोशल मीडिया और आधुनिक जीवनशैली के दौर में पूरी दुनिया के विचारों से जुड़ते हैं। सोशल मीडिया के माध्यम से दुनिया के विचार हम तक साझा होते हैं। ऐसे में हम भारतीय संस्कृति और संस्कार से कैसे जुड़े रहें, इसके लिए हमारी सरकार हमें कैसे प्रेरित कर सकती है?
- छात्रा अपर्णा, सरोजनी नायडू कॉलेज
हम अपने जीवन में प्रकृति से भी प्रेम करते हैं, इसीलिए नदी, पहाड़, पर्वत सबकी पूजा करते हैं और हमारी जीवनशैली कितनी अच्छी है। अपने बीच आज के समय में नए दौर में नए रोजगार के अवसर मिल रहे हैं, नई टेक्नोलॉजी का लाभ मिल रहा है।
उज्जैन में 8 लाख की आबादी है, लेकिन जब सिंहस्थ होगा, 30-40 करोड़ लोग आएंगे तो नई टेक्निक के आधार पर हर आने वाले के प्रबंधन AI के माध्यम से कर रहे हैं। जिससे सिर्फ दर्शन और अच्छे भाव के साथ रोजगार भी मिल रहा है।
- मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव
पीएम ने 2047 विकसित भारत की नींव रखी है। उसमें काफी चीजों का वर्णन किया है, जैसे रेल, खेल, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, खाद्य, इन सब में डेवलपमेंट की बात की है। इस विकास यात्रा में एमपी सरकार का क्या रोडमैप है और क्या विजन है? एमपी के युवा इस यात्रा में क्या योगदान दे सकते हैं?
- छात्र अनिकेत तिवारी, उच्च शिक्षा उत्कृष्टता संस्थान
पीएम पूरे देश को परिवार मानते हैं। इसी वजह से हमारे लिए आज की स्थिति में अनुकूलता बढ़ रही है। ऐसे में रोजगार और आम जनता की भलाई के लिए भी काम हो रहा है।
अंग्रेजों के समय 4 जगह एयरपोर्ट थे- इंदौर, ग्वालियर, जबलपुर, भोपाल। बाद में जनता पार्टी की सरकार में 1977 में खजुराहो का एयरपोर्ट खुला। कांग्रेस का एक भी एयरपोर्ट नहीं खुला। मोदी जी के नेतृत्व में सतना, दतिया, रीवा- तीन एयरपोर्ट खुले। इस साल 15 एयरपोर्ट में से 10 नए शुरू होंगे।
हाइड्रोजन से रेल चल रही है, नई टेक्नोलॉजी की ट्रेन है। हमारी सरकार ने तय किया कि उपलब्ध संसाधनों के बल पर राज्य को और तेजी से बढ़ाएंगे।
- मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव
80 स्टॉल में करियर के ढेरों विकल्प
लाल परेड ग्राउंड पर 80 से ज्यादा प्रदर्शनी कक्ष तैयार किए गए हैं। इनमें रोजगार, प्रशिक्षण, करियर, स्टार्टअप, अनुसंधान, तकनीक और सरकारी योजनाओं की जानकारी मिलेगी। विश्वविद्यालय और संस्थाएं शिक्षा, नवाचार, ड्रोन तकनीक, उद्यमिता और करियर मार्गदर्शन के मॉडल दिखाएंगी। युवा विभागों के प्रतिनिधियों से सीधे बात कर सकेंगे।
17 विभाग एक साथ, प्लस मनोरंजन
उच्च शिक्षा, तकनीकी शिक्षा, औद्योगिक नीति, एमएसएमई, विज्ञान-प्रौद्योगिकी, श्रम, स्वास्थ्य, परिवहन, आयुष, पुलिस और साइबर सुरक्षा समेत 17 विभाग शामिल हुए हैं। पुलिस विभाग साइबर सुरक्षा, महिला सुरक्षा और यातायात जागरूकता पर गतिविधियां चलाई गई।
"सीएम यूथ कॉन्क्लेव-2026" में यूथ आइकॉनिक सिंगर जुबिन नौटियाल एवं कबीर कैफे की शानदार सांस्कृतिक प्रस्तुति दी। सुरों की धुन पर झूमते युवाओं और तालियों की गूंज से भोपाल का लाल परेड मैदान उत्साह, उमंग और युवा ऊर्जा से सराबोर नजर आया।

एमपी में यूथ के लिए सरकारी योजनाएं
मुख्यमंत्री सीखो-कमाओ योजना : 18-29 साल के युवाओं को प्रतिष्ठानों में ऑन-द-जॉब ट्रेनिंग और स्टाइपेंड
8 मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना : शिक्षित युवाओं को स्वरोजगार/उद्यम शुरू करने के लिए बैंक ऋण और ब्याज अनुदान
मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना : अपना रोजगार शुरू करने के लिए ऋण/सहायता
ITI एवं रोजगारोन्मुख प्रशिक्षण : युवाओं को तकनीकी और रोजगारपरक प्रशिक्षण
पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति : SC/ST सहित पात्र वर्गों के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा में छात्रवृत्ति
मुख्यमंत्री मेधावी विद्यार्थी योजना : पात्र मेधावी विद्यार्थियों की उच्च शिक्षा की फीस में सहायता
मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना : युवाओं को उद्योग/व्यवसाय शुरू करने के लिए वित्तीय सहायता
एकीकृत छात्रवृत्ति योजना : पात्र विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा और प्रशिक्षण के लिए आर्थिक सहायता
स्टार्टअप सहायत्ता : स्टार्टअप और इनोवेशन को इन्व्यूबेशन, सीड फंड आदि के जरिए सहायता; 2025 की स्टार्टअप नीति में चयनित स्टार्टअप के लिए अधिकतम ₹30 लाख तक सीड फंड का प्रावधान है।
रोजगार/अप्रेंटिसशिप मेले : रोजगार, स्वरोजगार और अप्रेंटिसशिप के अवसरों से युवाओं को जोड़ना
क्षमा वाणी महोत्सव में पहुंचे सीएम
युवाओं से संवाद कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने विधानसभा परिसर में परम पूज्य आचार्य श्री 108 समय सागर जी महाराज के मंगल सानिध्य में आयोजित सामूहिक क्षमा वाणी महोत्सव का दीप प्रज्ज्वलित कर शुभारंभ किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने चित्र का लोकार्पण भी किया।

इस दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि, हमारी संस्कृति सभी जीवों के प्रति प्रेम, करुणा और सह-अस्तित्व का संदेश देती है। हमारी सरकार ने वन्यजीवों के संरक्षण और उनके प्राकृतिक आवास की सुरक्षा के लिए अनेक महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। माधव नेशनल पार्क में टाइगर अभयारण्य के विकास के साथ अब सागर जिले में नए चीता अभयारण्य की दिशा में भी कार्य किया जा रहा है।

सीएम ने आगे कहा कि, हमारा संकल्प है कि सभी वन्यजीव प्राकृतिक वातावरण में निर्भय होकर अपना जीवन-चक्र पूरा कर सकें। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ‘जियो और जीने दो’ तथा अहिंसा की भावना को आगे बढ़ाते हुए, जीव मात्र के संरक्षण और संवर्धन के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।



