स्टंट करते समय अनियंत्रित हुई कार, रेलिंग तोड़कर हवा में लटकी सफारी
रील बनाने के चक्कर में पुल पर हादसा, हवा में लटकी कार, बाल-बाल बचे चार नाबालिग
सतना। सोशल मीडिया पर रील बनाने का जुनून एक बार फिर खतरनाक मोड़ पर पहुंच गया। शनिवार को नागौद इलाके के वसुधा गांव में स्थित वसुधा मंदिर के पास एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। दरअसल, स्टंट कर रही एक सफारी कार अनियंत्रित होकर पुलिया की रेलिंग तोड़ते हुए आधी हवा में लटक गई।
जानकारी के मुताबिक, बिना नंबर की सफारी कार में सवार चार दोस्त रील बनाने के लिए ब्रिज पर स्टंट कर रहे थे। इसी दौरान चालक का संतुलन बिगड़ गया और कार तेज रफ्तार में सीधे रेलिंग से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि रेलिंग टूट गई और वाहन का अगला हिस्सा पुल से बाहर हवा में झूलने लगा।
कुछ सेकंड और... हो सकता था बड़ा हादसा
कार जिस स्थिति में लटकी थी, उसे देख मौके पर मौजूद लोगों की सांसें थम गईं। करीब दो मीटर नीचे सूखी नदी होने के कारण जरा सी चूक जानलेवा साबित हो सकती थी। हालांकि किस्मत ने साथ दिया और वाहन नीचे नहीं गिरा। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए जोखिम उठाकर कार में फंसे चारों लड़कों को सुरक्षित बाहर निकाला। लोगों की सूझबूझ और साहस के चलते एक बड़ी अनहोनी टल गई।
पुलिस ने जब्त की कार, सभी लड़के नाबालिग
बताया जा रहा है कि सभी लड़के नाबालिग हैं और बिना अनुमति वाहन चला रहे थे। यह लापरवाही सीधे तौर पर हादसे की वजह बनी। सूचना मिलते ही नागौद पुलिस मौके पर पहुंची और क्रेन की मदद से कार को थाना ले गई।
टीआई अशोक पांडेय ने बताया कि पुलिस ने बताया कि सोशल मीडिया पर लाइक्स और व्यूज पाने की होड़ में युवा अपनी और दूसरों की जान को जोखिम में डाल रहे हैं। चारों लड़के डाम्हा गांव के रहने वाले हैं जो बारात से लौटते हुए रास्ते में स्टंटबाजी करने लगे। किशोरों के परिजनों को थाना तलब किया गया है।
Varsha Shrivastava 
