CM Mohan Yadav Launches Jan Vishwas Abhiyan: छिंदवाड़ा से मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान की शुरुआत, हर शुक्रवार लगेगा जनता दरबार

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने छिंदवाड़ा से जन-विश्वास अभियान की शुरुआत की। हर शुक्रवार जनता दरबार लगेगा। शिकायतों पर कार्रवाई करते हुए सीएमएचओ, तहसीलदार और पटवारी को निलंबित किया गया।

CM Mohan Yadav Launches Jan Vishwas Abhiyan: छिंदवाड़ा से मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान की शुरुआत, हर शुक्रवार लगेगा जनता दरबार

भोपाल/  मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शुक्रवार को छिंदवाड़ा से 'मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान' की शुरुआत की. इस अभियान के तहत सरकार सीधे जनता के बीच पहुंचकर उनकी समस्याएं सुनेगी और मौके पर समाधान करेगी. अभियान के शुरूआत के साथ ही मुख्यमंत्री ने प्रशासनिक व्यवस्था पर सख्त रुख अपनाते हुए शिकायतों के आधार पर छिंदवाड़ा के CMHO, एक तहसीलदार और एक पटवारी को तत्काल निलंबित कर दिया.

हर शुक्रवार रहेगा 'नो मीटिंग डे'

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि अब मध्यप्रदेश में हर शुक्रवार 'नो मीटिंग डे' रहेगा. इस दिन जिला मुख्यालय से लेकर तहसील स्तर तक जनता दरबार लगाए जाएंगे. इनमें मंत्री, विधायक, कलेक्टर, कमिश्नर और अन्य वरिष्ठ अधिकारी फील्ड में मौजूद रहकर आम लोगों की समस्याएं सुनेंगे और उनके समाधान की दिशा में कार्रवाई करेंगे. उन्होंने कहा कि संवाद, समाधान, संवेदनशीलता और सादगी जन-विश्वास अभियान के चार प्रमुख स्तंभ होंगे. मुख्यमंत्री के अनुसार, इस तरह का अभियान शुरू करने वाला मध्यप्रदेश देश का पहला राज्य है.

लोक सेवा केंद्र का किया निरीक्षण

छिंदवाड़ा दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने कलेक्टर कार्यालय स्थित लोक सेवा केंद्र का निरीक्षण किया और आम नागरिकों को मिल रही सेवाओं का जायजा लिया. इसके बाद उन्होंने उद्यमियों, जनप्रतिनिधियों और स्थानीय नागरिकों के साथ संवाद कर क्षेत्र के विकास, औद्योगिक संभावनाओं और भविष्य की योजनाओं पर विस्तृत चर्चा की. इस दौरान कई जनसमस्याओं का मौके पर ही निराकरण भी किया गया.

शिकायतों पर सख्त कार्रवाई

जन-विश्वास अभियान के दौरान मिली शिकायतों पर मुख्यमंत्री ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सीएमएचओ डॉ. नरेश गुन्नाड़े, एक तहसीलदार और एक पटवारी को निलंबित कर दिया। इसके अलावा कई अधिकारियों और कर्मचारियों की वेतनवृद्धि रोकने का भी निर्णय लिया गया. मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की मंशा स्पष्ट है जो अधिकारी और कर्मचारी ईमानदारी से काम करेंगे, उन्हें प्रोत्साहन मिलेगा, जबकि लापरवाही करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.

प्राकृतिक खेती और ग्रामीण पर्यटन पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में स्थानीय जरूरतों के अनुरूप योजनाबद्ध विकास को प्राथमिकता दी जा रही है. प्राकृतिक खेती, पशुपालन और ग्रामीण पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए होमस्टे मॉडल जैसी पहलों को प्रोत्साहित किया जाएगा, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के नए अवसर सृजित हो सकें. उन्होंने कहा कि छिंदवाड़ा के नागरिकों से मिले सुझावों को भविष्य की विकास योजनाओं और नीतियों में शामिल किया जाएगा.

जनसंवाद से बनेगी भविष्य की नीति

मुख्यमंत्री ने कहा कि जन-विश्वास अभियान केवल शिकायतों के निराकरण तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि जनसंवाद के माध्यम से प्रदेश की भविष्य की विकास योजनाएं और नीतियां भी तैयार की जाएंगी। सरकार का उद्देश्य जनता और प्रशासन के बीच विश्वास को मजबूत करना और योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है.