केरलम CM पर कांग्रेस में मंथन तेज, केसी वेणुगोपाल राहुल गांधी की पहली पसंद!

10 साल बाद सत्ता में लौटी कांग्रेस, केरलम के नए मुख्यमंत्री पर जल्द हो सकता है फैसला

केरलम  CM पर कांग्रेस में मंथन तेज, केसी वेणुगोपाल राहुल गांधी की पहली पसंद!

केरलम में कांग्रेस की 10 साल बाद सत्ता में वापसी के बाद अब सबसे बड़ा सवाल मुख्यमंत्री चेहरे को लेकर बना हुआ है। चुनाव नतीजे आए करीब एक हफ्ता बीत चुका है, लेकिन कांग्रेस अब तक नए मुख्यमंत्री के नाम का ऐलान नहीं कर पाई है। इसी बीच पार्टी महासचिव और अलाप्पुझा सांसद के.सी. वेणुगोपाल का नाम सबसे आगे माना जा रहा है। सूत्रों के मुताबिक, कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने दिल्ली में वेणुगोपाल से अलग मुलाकात की है, जिसके बाद यह चर्चा और तेज हो गई कि वे राहुल गांधी की पहली पसंद हैं।

विधायकों का बड़ा समर्थन वेणुगोपाल के साथ

रिपोर्ट्स के अनुसार, कांग्रेस के 63 विधायकों में से करीब 75 से 80 प्रतिशत विधायक के.सी. वेणुगोपाल के समर्थन में बताए जा रहे हैं। अगर वेणुगोपाल मुख्यमंत्री बनते हैं तो उन्हें छह महीने के भीतर विधानसभा का सदस्य बनना होगा। ऐसे में इरिक्कूर सीट से जीते कांग्रेस विधायक सनी जोसेफ के इस्तीफा देने की चर्चा भी सामने आई है, ताकि वेणुगोपाल वहां से उपचुनाव लड़ सकें।

हालांकि, मुख्यमंत्री पद की दौड़ में विपक्ष के नेता वीडी सतीशन का नाम भी मजबूत माना जा रहा है। चुनाव अभियान में सतीशन पार्टी का प्रमुख चेहरा रहे थे। उन्हें IUML और केरल कांग्रेस (जोसेफ) जैसे UDF सहयोगी दलों का खुला समर्थन मिला है। पार्टी के कुछ वरिष्ठ नेताओं ने भी सतीशन के पक्ष में राय रखी है।

कांग्रेस बोली- हमारे यहां लोकतांत्रिक प्रक्रिया

मुख्यमंत्री चयन में हो रही देरी पर भाजपा लगातार कांग्रेस पर निशाना साध रही है। इस पर कांग्रेस नेता रमेश चेन्निथला ने पलटवार करते हुए कहा कि कांग्रेस में मुख्यमंत्री का चयन लोकतांत्रिक तरीके से होता है। उन्होंने कहा, “हमारे यहां मोदी-शाह सारे फैसले लें, ऐसा सिस्टम नहीं है।”

10 साल बाद सत्ता में लौटी कांग्रेस

केरलम विधानसभा चुनाव में कांग्रेस नीत UDF ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सत्ता में वापसी की है। 140 सदस्यीय विधानसभा में कांग्रेस ने 63 सीटें जीतीं, जबकि CPI(M) को 26 सीटों पर संतोष करना पड़ा। हार के बाद मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन ने इस्तीफा दे दिया है। अब सबकी नजर कांग्रेस आलाकमान के अंतिम फैसले पर टिकी है, जो जल्द सामने आ सकता है।