जले ट्रांसफार्मर और खाद संकट पर कांग्रेस का विरोध, अमरपाटन में SDM को सौंपा ज्ञापन

अमरपाटन में किसानों की समस्याओं को लेकर कांग्रेस का प्रदर्शन, विधायक डॉ. राजेंद्र सिंह ने एसडीएम को सौंपा ज्ञापन

जले ट्रांसफार्मर और खाद संकट पर कांग्रेस का विरोध, अमरपाटन में SDM को सौंपा ज्ञापन

अमरपाटन। क्षेत्र में जले पड़े बिजली ट्रांसफार्मरों, खाद की किल्लत और किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर शुक्रवार को कांग्रेस ने अमरपाटन में प्रदर्शन किया। पूर्व विधानसभा उपाध्यक्ष एवं अमरपाटन विधायक डॉ. राजेंद्र कुमार सिंह 'दादाभाई' के नेतृत्व में सैकड़ों किसान और कांग्रेस कार्यकर्ता एसडीएम कार्यालय पहुंचे तथा अपनी मांगों को लेकर एसडीएम के नाम ज्ञापन सौंपा।

इससे पहले अमरपाटन के एक निजी मैरिज गार्डन में आयोजित सभा को संबोधित करते हुए विधायक डॉ. राजेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि खेती के महत्वपूर्ण समय में बड़ी संख्या में बिजली ट्रांसफार्मर जले पड़े हैं, जिससे किसानों की सिंचाई व्यवस्था प्रभावित हो रही है। उन्होंने किसानों को समय पर पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध कराने और कृषि संबंधी अन्य समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की।

सभा के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं और किसानों ने रैली निकालकर एसडीएम कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा। इस दौरान विधायक ने सरकार पर किसानों की समस्याओं की अनदेखी करने का आरोप लगाते हुए चेतावनी दी कि यदि जल्द ही ट्रांसफार्मर नहीं बदले गए, खाद की उपलब्धता सुनिश्चित नहीं की गई और किसानों की अन्य समस्याओं का समाधान नहीं हुआ, तो कांग्रेस किसानों के साथ मिलकर बड़ा जनांदोलन करेगी।