दिल्ली में 4 मंजिला इमारत में लगी भीषण आग, 9 लोगों की दर्दनाक मौत

विवेक विहार में AC ब्लास्ट से लगी आग ने ली 9 जानें, रेस्क्यू ऑपरेशन में 15 से ज्यादा लोग सुरक्षित निकाले गए

दिल्ली में 4 मंजिला इमारत में लगी भीषण आग, 9 लोगों की दर्दनाक मौत

दिल्ली के शाहदरा ज़िले के विवेक विहार इलाके में रविवार तड़के एक चार मंजिला रिहायशी इमारत में भीषण आग लगने से बड़ा हादसा हो गया। इस दर्दनाक घटना में 9 लोगों की मौत हो गई, जबकि 2 लोग घायल हुए हैं। घायलों को इलाज के लिए गुरु तेग बहादुर हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आग लगने की वजह एयर कंडीशनर (AC) में हुए धमाके को माना जा रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सुबह करीब 3 बजे के आसपास अचानक तेज धमाका हुआ और देखते ही देखते आग दूसरी, तीसरी और चौथी मंजिल तक फैल गई। आग लगने के बाद इमारत में अफरा-तफरी मच गई और कई लोग अंदर फंस गए।

12 दमकल गाड़ियों ने पाया आग पर काबू

सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया। करीब 12 दमकल गाड़ियां आग बुझाने में जुटीं रहीं। रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान 10 से 15 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया, जबकि कुछ लोगों को बालकनी और खिड़कियों के जरिए बचाया गया।

पुलिस और प्रशासन के अनुसार, अभी भी सर्च ऑपरेशन जारी है ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि इमारत के अंदर कोई और व्यक्ति फंसा न हो। फिलहाल, प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आग लगने के सही कारणों का पता लगाया जा रहा है।