मऊगंज में ईद उल फितर पर सामूहिक नमाज, लोगों ने गले मिलकर दी बधाई
मऊगंज में ईद उल फितर पर लोगों ने ईदगाह में सामूहिक नमाज अदा की। नमाज के बाद लोग एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की बधाई देते नजर आए और मीठी सेवइयों का आनंद लिया।
ईद उल फितर के अवसर पर मऊगंज जिला मुख्यालय सहित इलाके के नईगढी, हनुमना, खटखरी, पहाड़ी, कुशहा जैसे अंचलों में मुस्लिम धर्मावलंबियों के लोग ईदगाह में सामूहिक नमाज अदा कर एक-दूसरे से गले मिलकर देश और समाज में सुख-शांति की दुआ मांगी।
ईद के त्योहार को लेकर स्थानीय ईदगाह में मुस्लिम धर्मावलंबियों ने सामूहिक रूप से नमाज अदा की एवं एक-दूसरे को गले लगाकर बधाइयां दी। वहीं, ईदगाह के बाहर खड़े सैकड़ों की संख्या में हिंदू समाज के जनप्रतिनिधियों सहित अन्य समाजसेवियों ने नमाज पूर्ण होने के बाद सभी आपसी भाईचारे के साथ गले मिलकर एक-दूसरे को ईद की बधाइयां दी।

जिले के मऊगंज, पहाड़ी, हनुमना, खटखरी, कुशहा, भदावल सहित अन्य स्थानों में जहां ईद की नमाज अदा की गई, वहीं जामा मस्जिद नईगढ़ी के इमाम हाफिज मोहम्मद फैज साहब की अगुवाई में मुस्लिम धर्मावलंबियों ने स्थानीय ईदगाह में नमाज अदा की। साथ ही समरस समाज एवं देश की खुशहाली के लिए एक साथ हजारों हाथ उठाकर लोगों ने अमन और चैन की दुआ मांगी।

वहीं, मऊगंज कलेक्टर संजय कुमार जैन एवं पुलिस अधीक्षक दिलीप कुमार सोनी के दिशा-निर्देशन तथा एसडीएम राजेश मेहता, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विक्रम सिंह, एसडीओपी सचि पाठक के मार्गदर्शन में जिले के सभी राजस्व अधिकारी एवं थाना प्रभारियों के साथ राजस्व एवं पुलिस, नगर परिषद कर्मचारी मुस्तैद रहे। ईद के अवसर पर अदा की गई सामूहिक नमाज के बाद लोग एक-दूसरे के घर जाकर गले मिलकर ईद की बधाइयां देते देखे गए और मीठी सेवइयों का स्वाद लिया।

