पंचायत सचिव के घर चोरी, 1 किलो सोना, 6 किलो चांदी और लाखों रुपये लेकर फरार हुए चोर

गुना के चिरौली गांव में पंचायत सचिव के घर बड़ी चोरी हुई, जहां चोर करीब एक किलो सोना, छह किलो चांदी, 10 लाख रुपये नकद और बाइक लेकर फरार हो गए।

पंचायत सचिव के घर चोरी, 1 किलो सोना, 6 किलो चांदी और लाखों रुपये लेकर फरार हुए चोर
google

गुना के चिरौली गांव में पंचायत सचिव के घर चोरी हो गई। चोर करीब एक किलो सोना, छह किलो चांदी, 10 लाख रुपये नकद और एक मोटरसाइकिल चुराकर भाग गए। घटना रविवार रात की बताई जा रही है। घटना की जानकारी तुरंत पुलिस को दी गई। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

पवन मीना चिरौली गांव के पंचायत सचिव हैं। उन्होंने बताया कि रोज की तरह वह और उनके परिवार वाले अपने-अपने कमरों में सो रहे थे। रात में उनके पिता करीब 2:30 बजे उठे भी थे, लेकिन सब कुछ सामान्य था। जब वह सुबह उठे तो घर से सामान गायब था।

सचिव का कहना है कि सुबह करीब 4 बजे अज्ञात बदमाश घर में घुसे। 4:30 बजे परिवार के लोग उठे तो कमरों की कुंडी बाहर से बंद मिली। किसी तरह कुंडी खुलवाई गई। इसके बाद घर के अन्य कमरों से सामान गायब मिला।

सूचना मिलते ही एसडीओपी विवेक अष्ठाना पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि बाबूलाल मीना के घर में रात करीब 2:30 बजे से 4 बजे के बीच वारदात को अंजाम दिया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश के लिए कई टीमें गठित की गई हैं।

300 बीघा जमीन और फतेहगढ़ में दुकान

पंचायत सचिव बाबूलाल मीना का परिवार गांव के संपन्न परिवारों में गिना जाता है। परिवार के पास 300 बीघा से ज्यादा पुश्तैनी कृषि भूमि है, जिस पर खेती की जाती है। वहीं, एक भाई की फतेहगढ़ में दुकान भी है।

घटना के समय घर में करीब 11 लाख रुपये नकद रखे हुए थे। इसमें से 6 लाख रुपये गांव के मंदिर की राशि थी, जिसे ग्रामीणों ने सुरक्षित रखने के लिए पंचायत सचिव को सौंपा था।

परिवार के मुताबिक, वारदात के वक्त घर में पंचायत सचिव के पिता और एक भाई मौजूद थे। परिवार का एक भाई गुना में डॉक्टर है, जबकि दूसरा इंदौर में इंजीनियर के पद पर कार्यरत है।