गुना के धरनावदा स्कूल में छात्रों का हंगामा, प्राचार्य पर फेल करने की धमकी देने के आरोप
गुना के धरनावदा स्कूल में स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम के दौरान छात्रों ने प्राचार्य पर धमकाने और प्रैक्टिकल में फेल करने की धमकी देने के आरोप लगाए। शिक्षा विभाग ने जांच के आदेश दिए हैं।
गुना। मध्य प्रदेश के गुना जिले के धरनावदा शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में स्वतंत्रता दिवस के कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं का गुस्सा फूट पड़ा। स्कूल के बच्चों ने मंच पर पहुंचकर प्राचार्य ममता सोनी पर गंभीर आरोप लगाए। छात्रों का कहना है कि शिकायत करने पर उन्हें प्रैक्टिकल परीक्षा में फेल करने की धमकी दी जाती है।
कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राएं मंच पर अपनी बात बताते हुए भावुक हो गए। बच्चों ने आरोप लगाया कि स्कूल में पढ़ाई और मूलभूत सुविधाओं को लेकर जब वे अपनी परेशानी बताते हैं या किसी जनप्रतिनिधि से शिकायत करते हैं, तो उन्हें प्राचार्य की ओर से धमकाया जाता है।
'प्रैक्टिकल में सिर्फ 12 नंबर दूंगी'
छात्रों का आरोप है कि प्राचार्य उन्हें प्रैक्टिकल परीक्षा में सिर्फ 12 नंबर देने की बात कहकर डराती हैं। बच्चों ने यह भी आरोप लगाया कि जब उनके माता-पिता स्कूल में शिकायत करने पहुंचते हैं, तो उनके साथ भी ठीक व्यवहार नहीं किया जाता और उन्हें स्कूल परिसर में आने से रोका जाता है।

छात्रों और ग्रामीणों की मांग है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर प्राचार्य के खिलाफ कार्रवाई की जाए। ग्रामीणों का कहना है कि स्कूल में बच्चों को पढ़ाई के लिए बेहतर और भयमुक्त माहौल मिलना चाहिए।
पहले भी विवादों में रही हैं प्राचार्य
रिपोर्ट के मुताबिक, प्राचार्य ममता सोनी इससे पहले भी विवादों में रह चुकी हैं। वर्ष 2022 में राघौगढ़ ब्लॉक के रुठियाई स्कूल में प्रभारी प्राचार्य रहते हुए उनके खिलाफ शिक्षकों ने वित्तीय अनियमितता, मनमानी और लापरवाही समेत कई आरोपों को लेकर शिकायत की थी। विभागीय जांच के बाद उस समय उन्हें पद से हटा दिया गया था।
शिक्षा विभाग ने दिए जांच के आदेश
मामला सामने आने के बाद गुना के जिला शिक्षा अधिकारी समर सिंह राठौर ने जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने ब्लॉक शिक्षा अधिकारी को पूरे मामले की जांच सौंपी है। शिक्षा विभाग का कहना है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। अब देखना होगा कि जांच में छात्रों द्वारा लगाए गए आरोप कितने सही पाए जाते हैं और शिक्षा विभाग इस मामले में क्या कार्रवाई करता है।

