जबलपुर क्रूज हादसा: पीड़ित परिवार से CM डॉ. मोहन यादव ने की मुलाकात, जांच के दिए आदेश

जबलपुर क्रूज हादसे में रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। अभी तक 29 लोगों की जान बचाई जा चुकी है। 9 लोगों के शव बरामद कर लिए गए हैं, वहीं 9 लोग अभी लापता हैं। इस बीच CM मोहन यादव ने मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये मुआवजा देने की बात कही है।

जबलपुर क्रूज हादसा: पीड़ित परिवार से CM डॉ. मोहन यादव ने की मुलाकात, जांच के दिए आदेश
google

जबलपुर में हुए क्रूज हादसे को लेकर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने जांच के आदेश दिए हैं। उनका कहना है कि बरगी बांध में हुआ हादसा चक्रवात की वजह से हुआ है। उसकी विस्तृत जानकारी जांच रिपोर्ट के बाद ही मिल सकेगी। सीएम डॉ. यादव ने कहा कि इस हादसे में मन को बेहद दुख पहुंचा है। दुर्घटना में रेस्क्यू टीम के जिन सदस्यों ने लोगों को पानी से बाहर निकाला, उनका 15 अगस्त को सम्मान किया जाएगा।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 1 मई को मीडिया से कहा कि बरगी बांध में हुई दुर्घटना चक्रवात की वजह से घटी है। हमने कल ही अपने पर्यटन मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी, लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह, एसीएस संजय दुबे के साथ प्रशासनिक अधिकारियों को मौके पर भेजा। राहत-बचाव के लिए एनडीआरएफ-एसडीआरएफ को लगाया। मुझे मिली जानकारी के मुताबिक इस घटना में 29 लोगों को बचाया गया है।

प्रशासन के मुताबिक, 28 लोगों को बचा लिया गया है। तीन बच्चों सहित 4 लोग लापता हैं। बताया जा रहा है कि हादसे के वक्त क्रूज में लगभग 43 से 47 पर्यटक थे। टिकट सिर्फ 29 लोगों की कटी थी।हादसा किनारे से करीब 300 मीटर दूर हुआ, जिस समय क्रूज डूबा, उस वक्त हवा की रफ्तार 74 किलोमीटर प्रतिघंटा थी। बरगी सिटी सीएसपी अंजुल मिश्रा के मुताबिक, SDRF ने कई लोगों को बचाया, लेकिन अंधेरा और खराब मौसम से राहत कार्य प्रभावित हुआ।

रेस्क्यू टीम ने किया तत्परता से काम
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि अभी बरगी बांध में रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। हमने इस घटना को लेकर जांच के आदेश दिए हैं। इस हादसे की वजह से मन बहुत दुखी है। हमारी रेस्क्यू टीम तत्पर थी। उसने क्रूज को काटकर लोगों को पानी से बाहर निकाला है। रेस्क्यू टीम के जिन सदस्यों ने लोगों को निकाला है, हम उन्हें 15 अगस्त को सम्मानित करेंगे।

4-4 लाख रुपये आर्थिक सहायता की घोषणा
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा था कि इस हादसे में जो जनहानि हुई है, वह अत्यंत पीड़ादायक है। शोकाकुल परिजनों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। मृतकों के परिवारजनों को राज्य शासन की ओर से 4-4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए हैं।

एक तरफ बेटे-बेटियां आंसू नहीं रोक सके, तो दूसरी तरफ मध्यप्रदेश के मुखिया डॉ. मोहन यादव भी भावुक हो गए। माहौल इतना गमगीन था कि बस भावनाएं बोल रही थीं। सीएम डॉ. मोहन यादव ने कहीं बच्चों को गले लगाया, तो कहीं बेटी के सिर पर हाथ रखकर सांत्वना दी। दरअसल, सीएम डॉ. यादव बरगी क्रूज हादसे में पीड़ित परिवारों से मिलने 1 मई को जबलपुर पहुंचे। यहां उन्होंने परिजनों से मुलाकात कर कहा कि संकट की इस घड़ी में राज्य सरकार उनके साथ है। कोई भी परिवार खुद को अकेला न समझे। इस दौरान उप-मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा और लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह भी उनके साथ थे। दूसरी ओर, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन ने कहा कि इस हादसे के दोषी बख्शे नहीं जाएंगे। उच्च स्तरीय समिति इसकी जांच करेगी। भविष्य में ऐसी घटना न हो इसके लिए एडवेंचर स्पोर्ट्स के लिए एसओपी बनाई जाएगी। 

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव कोतवाली से दरहाई मार्ग पहुंचे। यहां उन्होंने हादसे में मृत नीतू सोनी के निवास पहुंचकर शोक संवेदनाएं व्यक्त कीं। उन्हें देखकर परिवार की बेटी अपने आंसू नहीं रोक सकी। ये देख प्रदेश के मुखिया डॉ. यादव ने उसके सिर पर हाथ रखा और ढांढस बंधाया।  उन्होंने परिवारजनों को सांत्वना दी। इस बीच उन्होंने दो छोटे बच्चों को भी गले लगाकर दुख बांटा। इसके बाद सीएम डॉ. यादव रियाज हुसैन के घर पहुंचे। रियाज क्रूज हादसे में बाल-बाल बच गए थे।

28 लोगों की बचाई जान
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मीडिया से कहा कि मां  नर्मदा के स्थान पर दुखद हादसा हुआ है। इस हादसे में 9 लोगों के शव मिले हैं। 28 लोगों को बचाया जा चुका है। इस घटना से पूरा प्रदेश स्तब्ध है। घटना वाले स्थल के पास ही जल जीवन मिशन का काम चल रहा था। इसलिए इस काम में लगी हुई टीम भी लोगों की मदद करने पहुंची। प्रशासन को सूचना मिलते ही एसडीआरएफ, एनडीआरएफ टीमों के साथ-साथ लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह और पर्यटन मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी को घटना स्थल पर भेजा था। उन्होंने कहा कि यहां के सांसद आशीष और विधायक नीरज भी स्थानीय जन प्रतिनिधियों के साथ कल रात से अभी तक यहां हैं। मेरे साथ प्रभारी मंत्री जगदीश देवड़ा भी यहां आए हैं। 

परिवारों ने बांटा दर्द
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि आर्मी के भी कुशल गोताखोरों ने भी राहत-बचाव का काम किया। दुर्घटना में रियाज हुसैन तो चार-पांच घंटे क्रूज में फंसे रहे। मैं उनसे और पीड़ित परिवारों से मिलकर आया हूं। रियाज ने बताया कि मैं मानकर चल रहा था कि मैं नहीं बचूंगा। इस दुर्घटना में आसपास के जिन लोगों ने दूसरों की जान बचाई उन्हें मैं 51-51 हजार रुपये देने की घोषणा करता हूं। हमारी सरकार ने मृतकों के परिजनों के लिए 4-4 लाख रुपये और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2-2 लाख आर्थिक सहायता की घोषणा की है। 

एडवेंचर टूरिज्म के लिए बनेगी एसओपी
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि हम इस घटना की जांच के लिए उच्च स्तरीय जांच समिति बना रहे हैं। समिति में होमगार्ड एवं नागरिक सुरक्षा के महानिदेशक, सचिव मध्यप्रदेश शासन, जबलपुर संभाग के आयुक्त होंगे। यह समिति तीन बिंदुओं पर जांच करेगी। इन बिंदुओं में पहला बिंदु दुर्घटना के कारणों की शुरुआत से जांच करना, दूसरा बिंदु परिस्थितियों को प्रतिपादित करना, तीसरा बिंदु दुर्घटना के वक्त प्रोटोकॉल का पालन हुआ या नहीं हुआ, शामिल हैं। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार नौका पर्यटन, क्रूज पर्यटन, एडवेंचर स्पोर्ट्स सहित सभी तरह की गतिविधियों के लिए एसओपी तैयार करेंगे। ताकि, भविष्य में ऐसी दुर्घटना न हो। जांच रिपोर्ट में जो भी दोषी होगा, उसे बख्शा नहीं जाएगा। हम सभी को मौसम विभाग की सूचनाओं को गंभीरता के साथ अमल में लाना चाहिए।