ABVP का प्रदर्शन: छात्रसंघ चुनाव बहाल कराने की मांग, उच्च शिक्षा मंत्री के नाम कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

मऊगंज में ABVP ने भरी हुंकार, छात्रसंघ चुनाव बहाल करने की मांग को लेकर किया प्रदर्शन, उच्च शिक्षा मंत्री के नाम कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

ABVP का प्रदर्शन: छात्रसंघ चुनाव बहाल कराने की मांग, उच्च शिक्षा मंत्री के नाम कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

मऊगंज से राजेंद्र पयासी की रिपोर्ट।

मध्यप्रदेश के विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों में बंद पड़े छात्रसंघ चुनावों को जल्द बहाल करने की मांग को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) महाकौशल प्रांत ने प्रदर्शन किया। इस दौरान उच्च शिक्षा मंत्री के नाम कलेक्टर मऊगंज को ज्ञापन सौंपा गया।

2017 से बंद हैं छात्रसंघ चुनाव

ज्ञापन में ABVP ने कहा कि भारतीय लोकतंत्र में छात्रसंघ चुनाव एक अहम कड़ी हैं, लेकिन मध्यप्रदेश में यह प्रक्रिया साल 2017 से बंद है। इसके कारण प्रदेश के लाखों विद्यार्थी लंबे समय से अपने लोकतांत्रिक अधिकारों से वंचित हैं।

ABVP मऊगंज के जिला संयोजक सुंदरम मिश्रा के नेतृत्व में बड़ी संख्या में छात्र कलेक्ट्रेट पहुंचे। प्रांत मंत्री सुव्रत बाझल द्वारा हस्ताक्षरित ज्ञापन में कहा गया कि छात्रसंघ चुनाव केवल राजनीतिक प्रक्रिया नहीं हैं, बल्कि शैक्षणिक परिसरों में नेतृत्व क्षमता, सामाजिक चेतना और संगठनात्मक कौशल विकसित करने का भी माध्यम हैं।

निर्वाचित छात्र प्रतिनिधि की आवश्यकता बताई

परिषद ने कहा कि स्वस्थ शैक्षणिक वातावरण और विद्यार्थियों की समस्याओं के समाधान के लिए निर्वाचित छात्र प्रतिनिधियों का होना जरूरी है। छात्रसंघ के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी समस्याएं और मांगें लोकतांत्रिक तरीके से रखने का अवसर मिलता है।

सितंबर में चुनाव कराने के आश्वासन का जिक्र

ABVP ने ज्ञापन में कहा कि हाल ही में मध्यप्रदेश हाईकोर्ट ने भी राज्य सरकार को छात्रसंघ चुनाव कराने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए थे। इसके बाद सरकार की ओर से सितंबर महीने में चुनाव कराने का आश्वासन दिया गया था। परिषद ने कहा कि अभी तक चुनाव को लेकर कोई आधिकारिक सूचना या चुनाव कार्यक्रम जारी नहीं किया गया है। इससे छात्र समुदाय में निराशा का भाव है।

प्रत्यक्ष और पारदर्शी चुनाव कराने की मांग

ABVP ने मांग की है कि हाईकोर्ट के निर्देशों के अनुसार, अकादमिक कैलेंडर और लिंगदोह कमेटी की सिफारिशों के आधार पर छात्रसंघ चुनाव कराए जाएं। परिषद ने प्रत्यक्ष, पारदर्शी, निष्पक्ष और समयबद्ध चुनाव कराने की मांग की है, ताकि उच्च शिक्षा परिसरों में लोकतांत्रिक संस्कृति और विद्यार्थी नेतृत्व को मजबूती मिल सके।