मऊगंज में कलेक्टर का औचक निरीक्षण: मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता पर नाराजगी, सुलभ कॉम्प्लेक्स की जमीन से अतिक्रमण हटाने के निर्देश
Mauganj News: मऊगंज के वार्ड क्रमांक 3 में प्रस्तावित सुलभ कॉम्प्लेक्स निर्माण स्थल का कलेक्टर राजेश कुमार ओगरे ने निरीक्षण किया। अतिक्रमण मिलने पर नोटिस जारी कर हटाने और सीमांकन के निर्देश दिए।
रिपोर्ट: राजेंद्र पयासी, मऊगंज
Mauganj News: मऊगंज कलेक्टर राजेश कुमार ओगरे ने शहर में दो अलग-अलग स्थानों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। शासकीय विद्यालय में मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता और रसोईघर की साफ-सफाई में कमी मिलने पर उन्होंने नाराजगी जताई। वहीं, वार्ड क्रमांक 3 में प्रस्तावित सुलभ कॉम्प्लेक्स निर्माण स्थल पर अतिक्रमण की स्थिति देखते हुए अधिकारियों को सीमांकन कर नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए।
मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता पर जताई नाराजगी
कलेक्टर राजेश कुमार ओगरे ने दुवगवां कुर्मियान वार्ड क्रमांक 3 स्थित शासकीय विद्यालय में मध्यान्ह भोजन व्यवस्था का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने भोजन की गुणवत्ता, खाद्यान्न के रखरखाव और रसोईघर की साफ-सफाई का जायजा लिया।

निरीक्षण में मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता संतोषजनक नहीं मिली। रसोईघर में साफ-सफाई की कमी और खाद्यान्न के रखरखाव में लापरवाही भी सामने आई। भोजन तैयार करने की प्रक्रिया और निर्धारित मापदंडों का पालन नहीं होने पर कलेक्टर ने नाराजगी जताई।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को भोजन की गुणवत्ता सुधारने, रसोईघर में स्वच्छता बनाए रखने और खाद्यान्न का उचित रखरखाव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही बच्चों को निर्धारित मीनू के अनुसार स्वच्छ और गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने को कहा। कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि विद्यार्थियों के स्वास्थ्य और पोषण से जुड़ी योजनाओं में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
सुलभ कॉम्प्लेक्स की जमीन से हटेगा अतिक्रमण
इसके बाद कलेक्टर ने नगर के वार्ड क्रमांक 3 में प्रस्तावित सुलभ कॉम्प्लेक्स निर्माण स्थल का निरीक्षण किया। यहां उन्होंने अतिक्रमण की स्थिति का जायजा लिया और अधिकारियों से जानकारी प्राप्त की।
कलेक्टर ने प्रस्तावित निर्माण स्थल का सीमांकन कर अतिक्रमण की वास्तविक स्थिति स्पष्ट करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यदि जमीन पर अतिक्रमण पाया जाता है तो संबंधितों को नियमानुसार नोटिस जारी कर उसे हटाने की कार्रवाई की जाए।

उन्होंने राजस्व और नगरीय निकाय के अधिकारियों को आपसी समन्वय से आवश्यक प्रक्रिया जल्द पूरी करने और निर्माण स्थल को अतिक्रमण मुक्त कराने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि सार्वजनिक उपयोग और नागरिक सुविधाओं से जुड़े निर्माण कार्यों में अनावश्यक बाधा नहीं आनी चाहिए।

दोनों निरीक्षणों के दौरान मुख्य नगर पालिका अधिकारी मऊगंज संतोष सिंह, तहसीलदार वीके पटेल सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। सुलभ कॉम्प्लेक्स के निरीक्षण में नगर परिषद अध्यक्ष बृजवासी पटेल भी उपस्थित रहे।



