Diwali Food Adulteration : दिवाली से पहले मिठाई दुकानों पर प्रशासन का शिकंजा, भोपाल और बुरहानपुर में मावा-मिठाई के सैंपल लिए
Diwali Food Adulteration : दीपावली से पहले भोपाल और बुरहानपुर में खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई। कई मिठाई दुकानों से मावा और मिठाइयों के सैंपल लिए गए। बुरहानपुर में एक महीने में 100 नमूनों में 25 अमानक मिले।
Diwali Food Adulteration : मध्य प्रदेश। दीपावली से पहले मध्यप्रदेश में मिलावट के खिलाफ खाद्य सुरक्षा विभाग और जिला प्रशासन ने जांच अभियान तेज कर दिया है। भोपाल और बुरहानपुर में मिठाई की दुकानों और खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया जा रहा है। इस दौरान मावा, मिठाई और अन्य खाद्य पदार्थों के नमूने लिए जा रहे हैं। इन नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा। रिपोर्ट में खाद्य सामग्री अमानक मिलने पर संबंधित कारोबारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

भोपाल में कई प्रतिष्ठानों पर पहुंची जांच टीम
भोपाल में जिला खाद्य सुरक्षा मजिस्ट्रेट तरुणेंद्र प्रताप सिंह के नेतृत्व में कार्रवाई की गई। टीम ने नेहरू नगर स्थित मधुरम मिष्ठान भंडार, जवाहर चौक के राजस्थान मिष्ठान भंडार और अनुपम स्वीट्स का निरीक्षण किया।

इसके अलावा VIP रोड लालघाटी स्थित जीवाना रिट्रीट में भी कई घंटों तक जांच जारी रही। खाद्य सुरक्षा प्रशासन की टीम ने सभी प्रतिष्ठानों से खाद्य पदार्थों के नमूने एकत्र किए। जांच दल में शिवराज पावक, पंकज श्रीवास्तव, अरुणेश पटेल और साधना सक्सेना सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।

बुरहानपुर में नामी मिठाई दुकानों की जांच
बुरहानपुर में कलेक्टर विवेक कुमार के निर्देश पर एसडीएम और खाद्य सुरक्षा विभाग की संयुक्त टीम ने कार्रवाई की। एसडीएम पल्लवी पौराणिक के नेतृत्व में रावेर रोड स्थित मिलन मिठाई, कुंदन निर्वधी स्वीट्स और विनोद डेयरी का निरीक्षण किया गया। इस दौरान मावा और मिठाइयों के नमूने लिए गए। अधिकारियों ने दुकानदारों को शुद्ध सामग्री इस्तेमाल करने और खरीदारी का पक्का बिल रखने की समझाइश भी दी।

एक महीने में 100 सैंपल, 25 अमानक मिले
खाद्य सुरक्षा विभाग के अनुसार, पिछले एक महीने में बुरहानपुर में 100 नमूने लिए गए। इनमें से 25 नमूने निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं पाए गए। एसडीएम पल्लवी पौराणिक ने बताया कि खाद्य पदार्थों की जांच सालभर चलने वाली प्रक्रिया है। त्योहारों के दौरान राजस्व विभाग भी इस अभियान में सहयोग करता है। नमूने फेल होने पर संबंधित विक्रेताओं के खिलाफ एडीएम कोर्ट के माध्यम से जुर्माना और सजा का प्रावधान है।

दुकानदारों और ग्राहकों से शुद्धता बनाए रखने की अपील
प्रशासन ने मिठाई और नमकीन विक्रेताओं से अच्छी गुणवत्ता वाली सामग्री इस्तेमाल करने की अपील की है। अधिकारियों ने मावा, घी और अन्य कच्चे माल की खरीद का बिल रखने की सलाह दी है। वहीं, ग्राहकों का कहना है कि त्योहारों के दौरान मिठाइयों की शुद्धता सुनिश्चित करना जरूरी है। दुकानदारों ने भी दावा किया कि वे ग्राहकों को अच्छी गुणवत्ता का सामान उपलब्ध करा रहे हैं और शिकायतों का समाधान करते हैं।





