मऊगंज कलेक्टर की कार्रवाई, बिना अनुमति बैठक से गायब 9 अधिकारियों को नोटिस
मऊगंज में टीएल बैठक से बिना अनुमति अनुपस्थित रहने पर कलेक्टर राजेश कुमार ओगरे ने 9 अधिकारियों को नोटिस जारी किया. तीन दिन में जवाब देने के निर्देश.
लोकेशन: मऊगंज | रिपोर्ट: राजेंद्र पयासी
मध्यप्रदेश के मऊगंज में समय-सीमा (टीएल) बैठक से बिना अनुमति अनुपस्थित रहने पर कलेक्टर राजेश कुमार ओगरे ने 9 अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है. सभी संबंधित अधिकारियों को तीन दिन के भीतर संतोषजनक जवाब देने के निर्देश दिए गए हैं. निर्धारित समय में जवाब नहीं मिलने या संतोषजनक स्पष्टीकरण नहीं देने पर अनुशासनात्मक कार्रवाई के लिए सक्षम अधिकारी को प्रस्ताव भेजा जाएगा.
कलेक्टर की ओर से जारी नोटिस के दायरे में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, संयुक्त संचालक सामाजिक न्याय, जिला सांख्यिकी अधिकारी, सहायक आयुक्त आबकारी, कार्यपालन यंत्री पीआईयू-पीडब्ल्यूडी, वाणिज्य कर अधिकारी, उपायुक्त सहकारिता, महाप्रबंधक जिला केंद्रीय सहकारी बैंक और अपर संचालक उच्च शिक्षा शामिल हैं.
दरअसल, टीएल बैठक में विभिन्न विभागों के कामकाज और लंबित मामलों की समीक्षा की जाती है. इसमें जिला अधिकारियों की उपस्थिति अनिवार्य मानी जाती है, ताकि विभागीय प्रगति की जानकारी ली जा सके और लंबित मामलों के निराकरण में तेजी लाई जा सके.
प्रशासन के अनुसार, बिना पूर्व सूचना या अनुमति के बैठक से अनुपस्थित रहना गंभीर लापरवाही है. इसी को देखते हुए कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों से जवाब तलब किया है. अब तीन दिन के भीतर मिलने वाले जवाब के आधार पर आगे की कार्रवाई तय होगी.

