मऊगंज कलेक्ट्रेट ग्राउंड में गूंजा देशभक्ति का संदेश, स्वतंत्रता दिवस की फुल ड्रेस रिहर्सल

स्वतंत्रता दिवस की फुल ड्रेस रिहर्सल में दिखा तिरंगे का मान और जवानों का जोश 15 अगस्त को कलेक्टर संजय कुमार जैन करेंगे ध्वजारोहण, अपर कलेक्टर पीके पांडेय ने ली परेड की सलामी

मऊगंज कलेक्ट्रेट ग्राउंड में गूंजा देशभक्ति का संदेश, स्वतंत्रता दिवस की फुल ड्रेस रिहर्सल

मऊगंज से राजेंद्र पयासी की रिपोर्ट

देश स्वतंत्रता दिवस मनाने को तैयार है। इस राष्ट्रीय पर्व की भव्यता और अनुशासन को परखने के लिए  मऊगंज कलेक्ट्रेट ग्राउंड में स्वतंत्रता दिवस के मुख्य समारोह की फुल ड्रेस रिहर्सल का आयोजन किया गया। रिहर्सल के दौरान पूरा मैदान देशभक्ति के नारों, बैंड की धुनों और वर्दीधारी जवानों की कदमताल से गूंज उठा। रिहर्सल में अपर कलेक्टर पीके पांडेय ने मुख्य अतिथि की भूमिका निभाते हुए ध्वजारोहण किया और परेड की सलामी ली। उनके साथ पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र कुमार जैन भी मौजूद रहे।

15 अगस्त को होने वाले मुख्य समारोह में कलेक्टर संजय कुमार जैन मुख्य अतिथि के रूप में ध्वजारोहण करेंगे और परेड की सलामी लेंगे। प्रशासन ने इस बार समारोह को और अधिक आकर्षक और जनसहभागिता वाला बनाने की तैयारी की है। फुल ड्रेस रिहर्सल इसी तैयारी का सबसे महत्वपूर्ण चरण माना जाता है।

कलेक्ट्रेट ग्राउंड बना छावनी

सुबह 8 बजे से ही कलेक्ट्रेट ग्राउंड में तैयारियां शुरू हो गई थीं। मैदान को तिरंगे, फूलों और बैनरों से सजाया गया था। मंच के सामने कुर्सियां लगाई गईं, साउंड सिस्टम चेक किया गया और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए। रिहर्सल की शुरुआत सशस्त्र बल द्वारा हर्ष फायर के साथ हुई। इसके बाद परेड कमांडर के आदेश पर एक-एक कर सभी टुकड़ियां मैदान में आईं।

इस बार परेड में जिला पुलिस बल, जिला पुलिस बल महिला टुकड़ी, एनसीसी कैडेट्स, स्काउट और गाइड के दल शामिल हुए। हर टुकड़ी ने कदम से कदम मिलाकर मार्च किया और मुख्य अतिथि को सलामी दी। अपर कलेक्टर पीके पांडेय ने जीप में सवार होकर परेड का निरीक्षण किया।  

अधिकारी और कर्मचारी रहे मौजूद

रिहर्सल के दौरान जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे। इनमें डिप्टी कलेक्टर अजीत मिश्र, एसडीएम मऊगंज रश्मि चतुर्वेदी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शशिकांत सरयाम, तहसीलदार मऊगंज सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी शामिल थे।

परेड समाप्ति के बाद अधिकारियों ने दल प्रमुखों से परिचय प्राप्त किया और उन्हें आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। अधिकारियों ने कहा कि परेड में थोड़ी बहुत जो कमियां दिखी हैं उन्हें 15 अगस्त से पहले दुरुस्त कर लिया जाएगा, ताकि मुख्य समारोह में कोई चूक न रहे।

देशभक्ति से सराबोर सांस्कृतिक कार्यक्रमों की झलक

परेड के बाद सांस्कृतिक कार्यक्रमों की फुल ड्रेस रिहर्सल भी हुई। स्कूली बच्चों ने देशभक्ति गीतों, नृत्यों और नाटिकाओं के माध्यम से स्वतंत्रता संग्राम की गाथा को जीवंत किया। "वंदे मातरम", "ऐ मेरे वतन के लोगों" और "मां तुझे सलाम" जैसे गीतों पर बच्चों की प्रस्तुतियों ने माहौल को भावुक कर दिया। कुछ बच्चों ने तिरंगा लेकर फ्लैग ड्रिल भी प्रस्तुत की। एनसीसी और स्काउट गाइड के कैडेट्स ने योगा और पीटी का प्रदर्शन किया। हर प्रस्तुति के बाद तालियों की गड़गड़ाहट से पूरा मैदान गूंज उठा।