Mauganj में 'नशे से दूरी है जरूरी 2.0' अभियान तेज, ऑटो और कचरा वाहनों पर लगाए गए जागरूकता संदेश
मऊगंज पुलिस ने 'नशे से दूरी है जरूरी 2.0' अभियान को तेज करते हुए ऑटो और कचरा वाहनों पर जागरूकता संदेश लगाए। पुलिस गांव-शहर, स्कूल-कॉलेज और सार्वजनिक स्थानों पर लोगों को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित कर रही है।
मऊगंज | राजेंद्र पयासी
मऊगंज जिले को नशामुक्त बनाने के उद्देश्य से पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर चलाए जा रहे "नशे से दूरी है जरूरी 2.0" अभियान को और गति दी गई है। अभियान के तहत पुलिस गांवों, मोहल्लों, सार्वजनिक स्थानों, बस स्टैंड, स्कूल-कॉलेज और आदिवासी बस्तियों तक पहुंचकर लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक कर रही है।
पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र कुमार जैन के निर्देशन में तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शषिकांत सरयाम और एसडीओपी सचि पाठक के मार्गदर्शन में जिलेभर में जनजागरूकता कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जा रहे हैं। अभियान के दौरान जनसंवाद, जागरूकता रैली, शपथ कार्यक्रम और पंपलेट वितरण के माध्यम से युवाओं और आम नागरिकों को नशामुक्त जीवन अपनाने का संदेश दिया जा रहा है।
ऑटो और कचरा वाहनों के जरिए पहुंच रहा संदेश
अभियान के तहत पुलिस ने शहर के ऑटो चालकों से संवाद कर उन्हें नशे के खिलाफ जागरूक किया। इसके बाद ऑटो पर "नशे से दूरी है जरूरी" लिखे बैनर और स्लोगन लगाए गए। वहीं नगर निकाय के कचरा संग्रहण वाहनों पर भी जागरूकता संदेश चस्पा किए गए हैं, ताकि प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोगों तक यह संदेश पहुंचे।
गांव-गांव और स्कूलों तक पहुंच रही पुलिस
पुलिस टीमें स्थानीय कर्मचारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ मिलकर वार्डों और मोहल्लों में भ्रमण कर रही हैं। स्कूलों और कॉलेजों में विद्यार्थियों को नशे से होने वाले शारीरिक, मानसिक और सामाजिक दुष्प्रभावों की जानकारी दी जा रही है। ग्रामीण क्षेत्रों में चौपाल और जनसंवाद के माध्यम से लोगों को नशे के अवैध कारोबार की सूचना पुलिस तक पहुंचाने के लिए भी प्रेरित किया जा रहा है।
जनसहभागिता पर दिया जा रहा जोर
मऊगंज पुलिस का कहना है कि केवल कानूनी कार्रवाई से नशे पर पूरी तरह रोक नहीं लगाई जा सकती। इसके लिए समाज की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि यदि उनके आसपास नशे से जुड़ी किसी भी प्रकार की गतिविधि दिखाई दे तो उसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें।
अभियान के समापन पर मऊगंज पुलिस ने अपना संदेश दोहराते हुए कहा कि "मऊगंज पुलिस सदैव आपके साथ" और जिले को नशामुक्त बनाने की यह मुहिम लगातार जारी रहेगी।
Anubhav Dubey 
