Monsoon Update: पूरे देश में पहुंचा मानसून, उत्तराखंड से गुजरात तक भारी बारिश का कहर

उत्तराखंड, मध्य प्रदेश, गुजरात, उत्तर प्रदेश और राजस्थान समेत कई राज्यों में भारी बारिश से बाढ़, जलभराव, लैंडस्लाइड और जनजीवन प्रभावित हुआ है। कई जिलों में अलर्ट जारी किया गया है, जबकि राहत और बचाव कार्य भी जारी हैं।

Monsoon Update: पूरे देश में पहुंचा मानसून, उत्तराखंड से गुजरात तक भारी बारिश का कहर
google

गुरुवार, 9 जुलाई तक मानसून ने पूरे देश को कवर कर लिया। आमतौर पर मानसून को पूरे देश में पहुंचने में करीब 38 दिन लगते हैं, लेकिन इस बार यह प्रक्रिया तय समय से 2 दिन पहले ही पूरी हो गई। लेकिन इस बीच मानसून की रफ्तार धीमी होने वाली है। देश के उत्तर-पश्चिमी इलाकों में शुष्क हवाएं चल रही हैं, जो मानसून की हवाओं को आगे बढ़ने से रोक रही हैं।

अब तक की बात करें तो मानसून ने देश भर में गदर मचा रखा है। उत्तराखंड में लैंडस्लाइड होने के बाद यमुनोत्री मार्ग बंद हो गया है, जिससे करीब 1000 यात्री फंसे हैं। राज्य के 10 जिलों में भारी बारिश की वजह से स्कूलों की छुट्टी घोषित कर दी गई। हरिद्वार में भी बारिश से सड़कों पर जलभराव की स्थिति बन गई है।

मध्य प्रदेश के भी कई जिलों में भारी बारिश का दौर जारी है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने दतिया, ग्वालियर, छतरपुर और टीकमगढ़ जैसे जिलों में भारी बारिश के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं कई जिलों में सामान्य बारिश और बूंदाबांदी दर्ज की गई है। राज्य में फिलहाल सामान्य से लगभग 10% अधिक बारिश दर्ज की गई है।

गुजरात में भी इस बार रिकॉर्डतोड़ बारिश हो रही है। सूरत समेत कई शहरों में बाढ़ और जलभराव की स्थिति बन गई है। जलभराव वाले क्षेत्रों में NDRF और SDRF की टीमें तैनात की गई हैं।

वहीं गुरुवार को उत्तर प्रदेश के 69 शहरों में मूसलाधार बारिश हुई। बारिश की वजह से UP में अब तक 10 लोगों की मौत दर्ज की गई है।

राजस्थान में भी बारिश से होने वाले हादसों में मौतें दर्ज की गई हैं। धौलपुर में बारिश के चलते मकान ढहने से 6 लोग मलबे में दब गए। राज्य में बारिश के चलते 6 ट्रेनें कैंसिल हुईं, जबकि कई ट्रेनें लेट भी हैं।