कड़ाके की ठंड के बीच मावठा और बारिश की चेतावनी, 27–28 जनवरी को बदलेगा मौसम
मध्य प्रदेश में ठंड का कहर जारी है। 27-28 जनवरी को मावठा और बारिश की संभावना, कई जिलों में कोल्ड डे और कोहरे का अलर्ट।
मध्य प्रदेश में एक बार फिर कड़ाके की ठंड लौट आई है। भोपाल, इंदौर समेत प्रदेश के करीब 15 शहरों में दिनभर ठंड का असर बना हुआ है और कोल्ड डे जैसे हालात हैं। मौसम विभाग ने 27 और 28 जनवरी को प्रदेश के कई हिस्सों में मावठा गिरने की संभावना जताई है। भोपाल, ग्वालियर और जबलपुर में बारिश के आसार हैं।
मौसम विभाग के अनुसार, हिमालय क्षेत्र में वेस्टर्न डिस्टरबेंस सक्रिय है। इसके साथ ही एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन भी बना हुआ है, जिसकी वजह से मौसम ने फिर करवट ले ली है। शनिवार और रविवार की रात कई शहरों में तापमान में गिरावट दर्ज की गई।
रविवार रात को राजगढ़ प्रदेश का सबसे ठंडा शहर रहा, जहां न्यूनतम तापमान 6.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। दतिया में 7.4 डिग्री, गुना में 7.7 डिग्री, श्योपुर और पचमढ़ी में 8.4 डिग्री, नौगांव में 9 डिग्री और रीवा व रतलाम में 9.8 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया।
रविवार को दिन में भी ठंड का असर बना रहा। गुना में दिन का तापमान सबसे कम 19.1 डिग्री रहा। नौगांव में 20 डिग्री, दतिया में 20.1, श्योपुर में 20.6, टीकमगढ़ में 20.7, शिवपुरी और रतलाम में 21 डिग्री, खजुराहो में 21.2, धार में 21.4, रीवा में 21.6 और दमोह में 21.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
इसके अलावा इंदौर, ग्वालियर, जबलपुर, उज्जैन, छिंदवाड़ा, नर्मदापुरम, सागर, सतना, सीधी, रायसेन, मंडला, मलाजखंड, उमरिया और कई अन्य शहरों में सुबह के समय घना कोहरा भी देखने को मिला।
इन जिलों में बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग के मुताबिक, 27 जनवरी को भोपाल, उज्जैन, ग्वालियर, विदिशा, सागर, शिवपुरी, श्योपुर, शाजापुर, अशोकनगर, आगर मालवा, भिंड, मुरैना, दतिया, निवाड़ी, छतरपुर, टीकमगढ़, रतलाम, राजगढ़, गुना, नीमच और मंदसौर में बारिश हो सकती है।
वहीं 28 जनवरी को जबलपुर, विदिशा, शहडोल, सीधी, सिंगरौली, सतना, सागर, रायसेन, मऊगंज, मैहर, छतरपुर, टीकमगढ़, रीवा, पन्ना, दमोह, नरसिंहपुर, उमरिया और कटनी में बारिश की संभावना जताई गई है।
DRASHTI JAIN 
