स्व. पं. रविशंकर शुक्ल की जयंती पर CM डॉ. मोहन यादव ने दी श्रद्धांजलि, प्रदेश निर्माण में योगदान को किया याद
मध्यप्रदेश के प्रथम मुख्यमंत्री स्वर्गीय पं. रविशंकर शुक्ल की जयंती पर विधानसभा के सेंट्रल हॉल में पुष्पांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने उनके योगदान को याद करते हुए श्रद्धासुमन अर्पित किए।
Updated 12:48 PM नशामुक्त युवा अभियान में शामिल हुए CM
पं. रविशंकर शुक्ल की जयंती पर पुष्पांजलि कार्यक्रम में शामिल होने के बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मैनिट पहुंचे, जहां उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू किए गए ‘नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प’ के राष्ट्रीय अभियान के शुभारंभ कार्यक्रम में सहभागिता की।

इस दौरान मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने नशामुक्त भारत और नशामुक्त मध्यप्रदेश के निर्माण के लिए सभी को हर प्रकार के नशे से दूर रहने की शपथ दिलाई। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर स्वस्थ और बेहतर समाज के निर्माण में योगदान देने की अपील की।

Updated 12:00PM विधानसभा के सेंट्रल हॉल में आयोजित हुआ पुष्पांजलि कार्यक्रम
मध्यप्रदेश के प्रथम मुख्यमंत्री स्वर्गीय पं. रविशंकर शुक्ल की जयंती पर रविवार को मध्यप्रदेश विधानसभा के सेंट्रल हॉल में आयोजित पुष्पांजलि कार्यक्रम में उन्हें श्रद्धापूर्वक याद किया गया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर प्रदेश के निर्माण और विकास में उनके ऐतिहासिक योगदान को नमन किया।

कार्यक्रम में विधायक भगवानदास सबनानी, पं. रविशंकर शुक्ल की पौत्री उमा तिवारी सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। विधानसभा सचिवालय के अधिकारी एवं कर्मचारियों ने भी पुष्पांजलि अर्पित कर प्रदेश के प्रथम मुख्यमंत्री के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की।

डॉ. मोहन यादव ने कहा-
"हमारा मध्यप्रदेश हर क्षेत्र में लगातार प्रगति कर रहा है। केंद्र सरकार और समाज के सहयोग से उल्लेखनीय उपलब्धियों के लिए राष्ट्रीय स्तर पर विभिन्न क्षेत्रों में राज्य को उत्कृष्ट पुरस्कार मिले हैं। स्वतंत्रता सेनानी पंडित रविशंकर शुक्ल जी अविभाजित मध्यप्रदेश के पहले मुख्यमंत्री थे।"
"जब भोपाल नवाब पाकिस्तान में भोपाल का विलय करना चाहते थे, ऐसे समय में भोपाल को नवगठित राज्य मध्यप्रदेश की राजधानी बनाने में उनका योगदान उल्लेखनीय है। आज उनकी जयंती पर राज्य सरकार की ओर से कोटिशः नमन करता हूं।"

Updated 08:30AM आज स्व. पं. रविशंकर शुक्ल की जयंती है। इस अवसर पर विधानसभा के सेंट्रल हॉल में पुष्पांजलि सभा आयोजित होगी। 10:05 बजे मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव विधानसभा पहुंचेंगे और स्व. पं. रविशंकर शुक्ल की पुष्पांजलि सभा में शामिल होंगे। इसमें विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर शामिल होंगे। स्थानीय विधायकों समेत बड़ी संख्या में अधिकारी-कर्मचारी भी मौजूद रहेंगे।

आज मौलाना आजाद राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान में नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान का शुभारंभ कार्यक्रम भी है, जो सुबह 10:25 बजे से शुरू होगा। मुख्यमंत्री कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए सभी को संबोधित करेंगे।
मुख्यमंत्री दोपहर 1:50 बजे विद्योदय तीर्थ, एमपी नगर पहुंचकर स्थानीय कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके बाद दोपहर 3:15 बजे बैरसिया पहुंचेंगे, जहां शासकीय सांदीपनि ठाकुर लाल सिंह उच्चतर माध्यमिक विद्यालय का लोकार्पण करेंगे। कार्यक्रम के बाद शाम 4:30 बजे बैरसिया से भोपाल के स्टेट हैंगर के लिए रवाना होंगे और शाम 5:00 बजे मुख्यमंत्री निवास पहुंचेंगे।


