Revanna Jail Controversy : जेल में प्रज्वल रेवन्ना के मोबाइल से मिले अश्लील वीडियो, फॉरेंसिक जांच में बड़े खुलासे
Revanna Jail Controversy : रिपोर्ट के मुताबिक, उनके मोबाइल की फोरेंसिक जांच में कई अश्लील वीडियो मिले हैं। वहीं, एक पेन ड्राइव में वेब सीरीज मिलने की बात भी सामने आई है।
Revanna Jail Controversy : कर्नाटक। बेंगलुरु की परप्पना अग्रहारा सेंट्रल जेल में बंद पूर्व सांसद प्रज्वल रेवन्ना को लेकर नया मामला सामने आया है। रिपोर्ट के मुताबिक, उनके मोबाइल की फोरेंसिक जांच में कई अश्लील वीडियो मिले हैं। वहीं, एक पेन ड्राइव में वेब सीरीज मिलने की बात भी सामने आई है। यह जानकारी शनिवार को मोबाइल और दूसरे जब्त इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की जांच के बाद सामने आई। जेल में मोबाइल का इस्तेमाल करना प्रतिबंधित है।
छापे के दौरान जब्त हुए थे उपकरण
क्राइम ब्रांच ने 11 अगस्त को जेल में छापा मारा था। इस दौरान प्रज्वल रेवन्ना को कथित तौर पर अपनी कोठरी में मोबाइल इस्तेमाल करते पकड़ा गया। अधिकारियों ने उनका मोबाइल, चार्जर, पेन ड्राइव और नोटबुक जब्त की थी। अब इन उपकरणों की फोरेंसिक जांच की गई है। जांच में सामने आई सामग्री के आधार पर पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।
जेल में मोबाइल पहुंचाने के मामले में 9 गिरफ्तार
पुलिस ने जेल के अंदर मोबाइल और सिम कार्ड पहुंचाने के तीन मामलों में शुक्रवार को नौ लोगों को गिरफ्तार किया। जांच में कुछ जेल कर्मचारियों की कथित भूमिका सामने आई है। पुलिस के अनुसार, एक जेल वार्डर पर कई मोबाइल फोन अंदर पहुंचाने का आरोप है। एक अन्य मामले में चीफ वार्डन की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
जेल में मोबाइल की कीमत लाखों तक
जांच में जेल के अंदर मोबाइल की कथित ब्लैक मार्केट का भी पता चला है। अधिकारियों के मुताबिक, बाहर करीब 10 हजार रुपये में मिलने वाला फोन जेल के अंदर 75 हजार से 2 लाख रुपये तक में बेचे जाने की बात सामने आई है। पिछले आठ महीनों में जेल से 300 से ज्यादा मोबाइल जब्त किए जाने की जानकारी भी सामने आई है। अधिकारियों ने पुराने जैमर सिस्टम को भी सुरक्षा के लिए चुनौती बताया है।
रेप केस में उम्रकैद की सजा काट रहे हैं
प्रज्वल रेवन्ना को एक महिला से रेप के मामले में उम्रकैद की सजा सुनाई गई है। यह मामला 2024 में सामने आया था। शिकायत में महिला ने प्रज्वल पर कई बार यौन शोषण करने का आरोप लगाया था। मामले की जांच के दौरान कथित सेक्स वीडियो सामने आने से विवाद बढ़ गया था। प्रज्वल मई 2024 में जर्मनी से लौटने के बाद गिरफ्तार किए गए थे।
राजनीतिक परिवार से आते हैं प्रज्वल
प्रज्वल रेवन्ना पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवगौड़ा के पोते और कर्नाटक के पूर्व मंत्री एचडी रेवन्ना के बेटे हैं। उनके चाचा एचडी कुमारस्वामी कर्नाटक के मुख्यमंत्री रह चुके हैं। प्रज्वल 2019 में हासन लोकसभा सीट से सांसद चुने गए थे। 2024 के चुनाव में भी उन्होंने हासन से चुनाव लड़ा, लेकिन हार गए। यौन शोषण के आरोप सामने आने के बाद जनता दल (सेक्युलर) ने उन्हें पार्टी से निलंबित कर दिया था।

