पश्चिम बंगाल में चुनाव के बाद हिंसा: संदेशखाली में सुरक्षाबलों पर फायरिंग, 5 जवान घायल

बंगाल में तनाव: कोलकाता में TMC दफ्तर पर चला बुलडोजर, राज्य में पिछले 24 घंटों में 4 हत्या होने का दावा, इनमें भाजपा-TMC के 2-2 कार्यकर्ता।

पश्चिम बंगाल में चुनाव के बाद हिंसा: संदेशखाली में सुरक्षाबलों पर फायरिंग, 5 जवान घायल

पश्चिम बंगाल में चुनाव के बाद तनाव और हिंसा की घटनाएं सामने आने लगी हैं। उत्तर 24 परगना जिले के संदेशखाली के बामनघेरी इलाके में बुधवार रात उस समय स्थिति बिगड़ गई, जब पुलिस और केंद्रीय बल गश्त पर थे।

जानकारी के अनुसार, गश्त के दौरान कुछ अज्ञात लोगों ने सुरक्षाबलों पर फायरिंग शुरू कर दी। इस हमले में 5 सुरक्षाकर्मी घायल हो गए। घायलों में स्थानीय थाने के एक अधिकारी, एक कांस्टेबल, एक महिला पुलिसकर्मी और केंद्रीय बल के दो जवान शामिल हैं।

घायल सुरक्षाकर्मियों को पहले नजदीकी ग्रामीण अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक इलाज के बाद उन्हें बेहतर उपचार के लिए कोलकाता रेफर किया गया। घटना के बाद इलाके में अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात कर दिए गए हैं और पुलिस मामले की जांच कर रही है।

राज्य में 24 घंटों में 4 हत्या होने का दावा

राज्य में पिछले 24 घंटों में 4 हत्या होने का दावा किया जा रहा है। उत्तर 24 परगना के न्यू टाउन और हावड़ा के उदय नारायणपुर में दो बीजेपी कार्यकर्ताओं की हत्या का आरोप है। वहीं, टीएमसी ने भी आरोप लगाया है कि कोलकाता के बेलेघाटा और बीरभूम के नानूर में उसके दो पार्टी सदस्यों की हत्या कर दी गई।

कोलकाता में TMC कार्यालय पर हमला और तोड़फोड़

इसी बीच कोलकाता के न्यू मार्केट इलाके में भी तनाव की स्थिति देखने को मिली। यहां भीड़ द्वारा तृणमूल कांग्रेस (Trinamool Congress) के एक पार्टी कार्यालय पर हमला किए जाने की खबर सामने आई है।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, भीड़ ने कार्यालय को नुकसान पहुंचाया और कथित तौर पर बुलडोजर का इस्तेमाल कर दफ्तर को गिराया गया। इसके साथ ही आसपास की दुकानों में भी तोड़फोड़ की गई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। इस घटना के वीडियो सोशल मीडिया पर भी सामने आए हैं, जिन्हें TMC ने साझा करते हुए चिंता जताई है।

आरोप-प्रत्यारोप तेज, प्रशासन की कार्रवाई

इन घटनाओं के बाद राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई है। तृणमूल कांग्रेस का आरोप है कि राज्य में विपक्षी समर्थकों द्वारा हिंसा की जा रही है और उनके कार्यालयों को निशाना बनाया जा रहा है।
पार्टी ने दावा किया है कि यह सब राजनीतिक बदले की भावना से किया जा रहा है और राज्य में कानून-व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। वहीं टीएमसी ने इसे "परिवर्तन के नाम पर हिंसा" बताया है।

फिलहाल, पुलिस ने संदेशखाली और कोलकाता दोनों ही जगहों पर सुरक्षा बढ़ा दी है। संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त बल तैनात किए गए हैं ताकि स्थिति और न बिगड़े। अधिकारियों का कहना है कि घटनाओं की जांच की जा रही है और दोषियों की पहचान कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।