Mauganj में प्रस्फुटन समितियों को सशक्त बनाने पर जोर, जन अभियान परिषद ने दिया प्रशिक्षण

मऊगंज में मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद द्वारा संवाद योजना के तहत प्रस्फुटन शक्ति संचय कार्यक्रम आयोजित किया गया. प्रशिक्षण में प्रस्फुटन समितियों को ग्राम विकास, जनभागीदारी और शासकीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए प्रशिक्षित किया गया.

Mauganj में प्रस्फुटन समितियों को सशक्त बनाने पर जोर, जन अभियान परिषद ने दिया प्रशिक्षण

राजेंद्र पयासी मऊगंज

मऊगंज. कलेक्टर संजय कुमार जैन के मार्गदर्शन में मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद द्वारा संवाद योजना के अंतर्गत प्रस्फुटन शक्ति संचय कार्यक्रम के तहत विकासखंड स्तरीय प्रशिक्षण एवं समीक्षा बैठक का आयोजन जनपद पंचायत सभागार, मऊगंज में किया गया. कार्यक्रम का उद्देश्य प्रस्फुटन समितियों को सशक्त बनाते हुए ग्राम स्तर पर जनभागीदारी बढ़ाना और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में उनकी भूमिका को मजबूत करना रहा.

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद रीवा के जिला समन्वयक जागेश्वर ताम्रकार शामिल हुए, जबकि अध्यक्षता विकासखंड समन्वयक अजय चतुर्वेदी ने की. विशिष्ट अतिथि के रूप में आजीविका मिशन के प्रबंधक अविनाश पटेल तथा महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे. कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया.

जिला समन्वयक जागेश्वर ताम्रकार ने कहा कि प्रस्फुटन समितियां ग्राम विकास की मजबूत कड़ी हैं और उन्हें विभिन्न शासकीय विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर नियमित गतिविधियां संचालित करनी चाहिए. उन्होंने समितियों की नियमित बैठकें आयोजित करने, ग्राम स्तर पर उनकी पहचान मजबूत करने तथा तिरंगा यात्रा, वृक्षारोपण, कृषि संगोष्ठी और अन्य जनहित कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया. उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना जन अभियान परिषद का प्रमुख उद्देश्य है.

महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारियों ने लाड़ली लक्ष्मी योजना, लाड़ली बहना योजना, दस्तक अभियान और नियमित टीकाकरण कार्यक्रम की जानकारी देते हुए हितग्राहियों को इन योजनाओं से जोड़ने में प्रस्फुटन समितियों की भूमिका पर प्रकाश डाला.

विकासखंड समन्वयक अजय चतुर्वेदी ने समितियों को दस्तावेज संधारण, अभिलेखों के व्यवस्थित रखरखाव और ग्राम स्तर पर शासकीय योजनाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार के संबंध में मार्गदर्शन दिया.

नवांकुर संस्था ग्राम विकास सेवा समिति के प्रमुख श्रीनिवास त्रिपाठी ने प्रतिवेदन तैयार करने और परिषद के मोबाइल ऐप के प्रभावी उपयोग का प्रशिक्षण दिया. वहीं परामर्शदाता साधना चौरसिया, रूपा कुशवाहा और साक्षी मिश्रा ने सीएमसीएलडीपी कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी साझा की.

कार्यक्रम का संचालन श्रीनिवास त्रिपाठी ने किया. प्रशिक्षण में विकासखंड की प्रस्फुटन समितियों के पदाधिकारी, नवांकुर संस्था के प्रतिनिधि और परिषद से जुड़े कार्यकर्ताओं ने बड़ी संख्या में भाग लिया. अंत में रतनगंवा प्रस्फुटन समिति के अध्यक्ष आकाश त्रिपाठी ने सभी अतिथियों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया.