Rewa के सूती गांव में एसपी डॉ. गुरकरण सिंह ने सुनीं समस्याएं, अतिरिक्त पुलिस बल का आश्वासन
रीवा के सूती गांव में "आपकी पुलिस आपके द्वार" अभियान के तहत जन चौपाल आयोजित हुई. एसपी डॉ. गुरकरण सिंह ने ग्रामीणों से संवाद कर 10 दिन में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने का आश्वासन दिया.
रीवा: "आपकी पुलिस आपके द्वार" अभियान के तहत रीवा पुलिस ने जनेह थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत सूती में जन चौपाल आयोजित कर ग्रामीणों से सीधा संवाद किया. इस दौरान पुलिस अधीक्षक (एसपी) डॉ. गुरकरण सिंह ने लोगों की समस्याएं सुनीं और उनके समाधान के लिए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए.
नशाखोरी और अपराध पर उठी चिंता
जन चौपाल में ग्रामीणों ने जनेह थाना क्षेत्र में बढ़ती नशाखोरी और अपराध की घटनाओं पर चिंता जताई. लोगों ने क्षेत्र में कानून व्यवस्था मजबूत करने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की मांग रखी.
ग्रामीणों की मांग पर सकारात्मक प्रतिक्रिया देते हुए एसपी डॉ. गुरकरण सिंह ने आश्वासन दिया कि अगले 10 दिनों के भीतर जनेह थाने में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा, जिससे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और बेहतर हो सके.
साइबर फ्रॉड और महिला सुरक्षा पर किया जागरूक
कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों को अवैध मादक पदार्थों की तस्करी पर रोक, साइबर फ्रॉड से बचाव के तरीके और महिला सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से जानकारी दी. लोगों से किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल पुलिस को सूचना देने की अपील भी की गई.
बड़ी संख्या में पहुंचे ग्रामीण
जन चौपाल में त्यौथर एसडीओपी मनस्वी शर्मा, जनेह थाना प्रभारी प्रवीण उपाध्याय, पुलिस अधिकारी और जवान मौजूद रहे. स्थानीय जनप्रतिनिधियों सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने कार्यक्रम में भाग लिया और पुलिस की इस पहल की सराहना की.
Anubhav Dubey 
