Mauganj NH-135 Protest: शव रखकर हाईवे जाम, 6 नामजद समेत 15 पर FIR
मऊगंज के देवरा में सड़क हादसे के बाद NH-135 पर शव रखकर चक्का जाम करने के मामले में 6 नामजद और 10-15 अज्ञात लोगों पर FIR दर्ज. पुलिस ने जांच शुरू की.
राजेंद्र पयासी मऊगंज
मऊगंज: सड़क हादसे में युवक की मौत के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग-135 पर शव रखकर चक्का जाम करने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. शाहपुर थाना पुलिस ने 6 लोगों को नामजद करते हुए 10-15 अज्ञात लोगों के खिलाफ FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
सड़क हादसे के बाद हाईवे पर हुआ था प्रदर्शन
मऊगंज जिले के खटखरी थाना क्षेत्र के देवरा ओवरब्रिज के पास 30 जुलाई की रात करीब 9 बजे ट्रक की टक्कर से देवरा निवासी रज्जन प्रजापति की मौत हो गई थी. हादसे के बाद परिजन और ग्रामीण आक्रोशित हो गए और मृतक का शव राष्ट्रीय राजमार्ग-135 पर रखकर चक्का जाम कर दिया.
प्रदर्शन के कारण रीवा-मिर्जापुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं. एंबुलेंस, बस, ट्रक, कार और दोपहिया वाहन कई घंटे तक फंसे रहे, जिससे यात्रियों, महिलाओं, बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा.
प्रशासन ने समझाइश दी, लेकिन नहीं माने प्रदर्शनकारी
सूचना मिलने पर खटखरी चौकी प्रभारी अमर सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. इसके बाद एसडीएम, एसडीओपी, तहसीलदार और शाहपुर थाना प्रभारी भी घटनास्थल पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों से शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने तथा मार्ग खोलने की अपील की.
पुलिस के अनुसार प्रदर्शनकारी ट्रक चालक की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े रहे और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी भी की. करीब रात 11:30 बजे तक राष्ट्रीय राजमार्ग बाधित रहा.
6 नामजद, 10-15 अज्ञात पर मामला दर्ज
पुलिस ने संतोष शर्मा, दिव्यांश साकेत, सुरेश प्रजापति, राजनाथ शर्मा, आलम गिरी अंसारी और सुखलाल प्रजापति को नामजद आरोपी बनाया है. इनके अलावा 10-15 अज्ञात लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) तथा राष्ट्रीय राजमार्ग अधिनियम की धारा 8(बी) के तहत मामला दर्ज किया गया है. पुलिस ने घटनास्थल की फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी भी कराई है.
एसपी ने क्या कहा?
पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र जैन ने कहा कि संविधान प्रत्येक नागरिक को शांतिपूर्ण प्रदर्शन का अधिकार देता है, लेकिन विरोध ऐसा नहीं होना चाहिए जिससे कानून व्यवस्था प्रभावित हो और आम लोगों को परेशानी उठानी पड़े. उन्होंने लोगों से प्रदर्शन के दौरान कानून का पालन करने और शांति बनाए रखने की अपील की.
Anubhav Dubey 
