पुलिस जनता की मित्र: जन चौपाल में मऊगंज SDOP ने अपराध रोकथाम में जनता से मांगा सीधा सहयोग

सभी थाना क्षेत्र में जन चौपाल का आयोजन: नईगढ़ी के देवरी सेगरांन में पुलिस जनता संवाद, मौके पर निपटाई गई कई शिकायतें 

पुलिस जनता की मित्र: जन चौपाल में मऊगंज SDOP ने अपराध रोकथाम में जनता से मांगा सीधा सहयोग

मऊगंज से राजेंद्र पयासी की रिपोर्ट।

पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर आमजन से सीधा संवाद और समस्याओं के त्वरित निराकरण के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र कुमार जैन के मार्गदर्शन में जिले के सभी थाना क्षेत्र में जन चौपाल का आयोजन किया गया। इसी कड़ी में नईगढ़ी थाना पुलिस ने जनपद क्षेत्र के शासकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय, देवरी सेंगरान में विशाल जन चौपाल का आयोजन किया। कार्यक्रम में सैकड़ों ग्रामीणों ने भाग लेकर बिजली, राजस्व और कानून-व्यवस्था से जुड़ी समस्याएं खुलकर रखीं।

जन चौपाल में मऊगंज एसडीओपी सचि पाठक, नईगढ़ी थाना प्रभारी गोविंद प्रसाद तिवारी, ग्राम पंचायत देवरी सेंगरान के सरपंच डी.के. तिवारी, विद्युत विभाग के जेई अजीत सिंह, राजस्व अधिकारी, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, शिक्षक और समाजसेवी उपस्थित रहे।

जनता को संबोधित करते हुए एसडीओपी सचि पाठक ने कहा पुलिस आपके दरवाजे पर इसलिए आई हैं ताकि अपराध आपके घर तक न पहुंचे। अपराधी और पुलिस के बीच अगर कोई दीवार है तो वह आप हैं। आपके द्वारा समय पर दी गई एक सूचना से एक परिवार बर्बाद होने से बच सकता है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि जुआ, सट्टा, अवैध शराब और नशे के कारोबार में लिप्त लोगों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। अगर आपको अपने क्षेत्र में कोई संदिग्ध दिखे तो चुप मत बैठिए। डायल 112 करें या सीधे थाने आएं। सूचना देने वाले का नाम पता गोपनीय रहेगा, इसकी गारंटी मेरी है।

महिला सुरक्षा को लेकर एसडीओपी ने कहा कि महिलाओं और बालिकाओं के सम्मान से कोई समझौता नहीं होगा। महिला उत्पीड़न के मामलों में पुलिस 24 घंटे तत्पर है। पीड़िता की शिकायत मिलते ही त्वरित और कड़ी कार्यवाही की जाएगी।

OTP बताते ही खाली हो जाएगा खाता 

नईगढ़ी थाना प्रभारी गोविंद प्रसाद तिवारी ने साइबर ठगी पर जोड़ देते हुए कहा आजकल ठग वर्दी नहीं पहनते, वे मोबाइल लेकर आते हैं। एक क्लिक, एक लिंक और एक ओटीपी आपकी सालों की मेहनत को पल भर में साफ कर देगा।

बैंक कभी फोन पर ओटीपी नहीं मांगता। अगर कोई मांगे तो समझ जाइए सामने ठग बैठा है। उन्होंने ग्रामीणों को सलाह दी कि किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें और ठगी होने पर तुरंत साइबर हेल्पलाइन 1930 या नजदीकी थाने में शिकायत दर्ज कराएं।

समस्याओं का मौके पर समाधान

कार्यक्रम में ग्रामीणों द्वारा रखी गई थाना स्तर की समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया गया। बिजली और राजस्व से जुड़े मुद्दों को संबंधित विभागों को भेजकर शीघ्र निराकरण का आश्वासन दिया गया।

अंत में अधिकारियों ने ग्रामीणों से कानून का पालन करने, सामाजिक सौहार्द बनाए रखने और नशामुक्त गांव बनाने में सहयोग की अपील की। जन चौपाल के माध्यम से पुलिस और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित हुआ, जिससे क्षेत्र में विश्वास और सुरक्षा का माहौल मजबूत हुआ।