A+ मरीज को चढ़ाने वाले थे O+ खून! रीवा SGMH ब्लड बैंक की बड़ी लापरवाही उजागर

संजय गांधी अस्पताल के ब्लड बैंक में एक पेशेंट के ब्लड ग्रुप की गलत रिपोर्ट सामने आई। परिजनों की आपत्ति के बाद मामला उजागर हुआ और अस्पताल ने जांच के ऑर्डर दिए।

A+ मरीज को चढ़ाने वाले थे O+ खून! रीवा SGMH ब्लड बैंक की बड़ी लापरवाही उजागर

रीवा के संजय गांधी अस्पताल के ब्लड बैंक में गंभीर लापरवाही का मामला सामने आया है। यहां एक महिला मरीज को पहले ए पॉजिटिव ब्लड चढ़ाया गया, लेकिन बाद में जब दोबारा जांच हुई तो परिजनों से ओ पॉजिटिव ब्लड की मांग कर दी गई। जबकि परिजनों का कहना है कि मरीज का ब्लड ग्रुप ए पॉजिटिव ही है।

इस लापरवाही को लेकर पेशेंट के घर वालो ने अस्पताल के ब्लड बैंक में काम करने वाले टेक्नीशियन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि अगर समय रहते गलती सामने नहीं आती, तो मरीज की जान भी जा सकती थी।

नी रिप्लेसमेंट के लिए आई थी मरीज

जानकारी के मुताबिक, उमेश कुमार यादव, जो नईगढ़ी (जिला मऊगंज) के रहने वाले हैं, अपनी पत्नी का नी रिप्लेसमेंट ऑपरेशन कराने संजय गांधी अस्पताल पहुंचे थे। ऑपरेशन से पहले डॉक्टरों ने ब्लड की जरूरत को देखते हुए मरीज का ब्लड ग्रुप जांचने को कहा।

ब्लड बैंक में जांच के बाद टेक्नीशियन ने पेशेंट के घर वालो को ओ पॉजिटिव ब्लड की पर्ची दे दी। यह देखकर परिजन हैरान रह गए, क्योंकि उन्हें पहले से पता था कि महिला का ब्लड ग्रुप ए पॉजिटिव है। उन्होंने तुरंत इस पर आपत्ति जताई।

आपत्ति के बाद हरकत में आया प्रबंधन

मामला सामने आते ही अस्पताल प्रबंधन ने आनन-फानन में ब्लड बैंक के दो कर्मचारियों को नोटिस जारी कर दिया है। अस्पताल अधीक्षक ने कहा कि ठंड के मौसम में कभी-कभी ब्लड जांच में भ्रम की स्थिति बन जाती है, लेकिन टेक्नीशियन को सावधानी से दोबारा जांच करनी चाहिए थी, जो नहीं की गई।

वहीं, मरीज के पति उमेश यादव का कहना है कि अगर वे समय रहते गलती नहीं पकड़ते, तो गलत ब्लड चढ़ने से उनकी पत्नी की जान को खतरा हो सकता था। उन्होंने जिम्मेदार कर्मचारियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।