रीवा-सीधी टनल में स्टंटबाजी पर पुलिस का शिकंजा: साइन बोर्ड लगाकर दी चेतावनी

रीवा और सीधी को जोड़ने वाली टनल के अंदर और आसपास खतरनाक स्टंट करने वाले युवाओं को पुलिस ने चेतावनी दी है। टनल के किनारों पर लगाए साइन बोर्ड पर स्पष्ट लिखा गया है कि टनल में स्टंटबाजी करने और तेज गति से वाहन चलाने पर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।

रीवा-सीधी टनल में स्टंटबाजी पर पुलिस का शिकंजा: साइन बोर्ड लगाकर दी चेतावनी

रीवा। रीवा और सीधी को जोड़ने वाली टनल के अंदर और आसपास खतरनाक स्टंट करने वाले युवाओं के वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने सख्ती शुरू कर दी है। सोशल मीडिया पर लाइक और व्यूज के लिए कुछ लोग बाइक और कार से स्टंट करते हुए अपनी और दूसरों की जान जोखिम में डाल रहे थे।

अब पुलिस ने ऐसे स्टंटबाजों को साफ चेतावनी दी है। टनल के किनारों पर कई जगह साइन बोर्ड लगाए गए हैं। इन बोर्ड पर स्पष्ट लिखा गया है कि टनल में स्टंटबाजी करने और तेज गति से वाहन चलाने पर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।

 सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे थे स्टंट के वीडियो

रीवा-सीधी टनल और उसके आसपास युवाओं द्वारा बाइक और कार से खतरनाक करतब करने के वीडियो लगातार सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे थे। इस तरह की स्टंटबाजी न केवल वाहन चालकों के लिए खतरा बन सकती है, बल्कि टनल से गुजरने वाले दूसरे लोगों की सुरक्षा पर भी सवाल खड़े करती है।

पुलिस ने दी कार्रवाई की चेतावनी

रीवा पुलिस की ओर से वाहन चालकों और युवाओं से अपील की गई है कि टनल में स्टंटबाजी न करें और तेज गति से वाहन न चलाएं। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।

रीवा एसपी की ओर से बताया गया कि टनल पर इस तरह के चेतावनी बोर्ड पहले लगाए जाने चाहिए थे। हाल ही में स्टंटबाजी के नए वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए टनल के आसपास चेतावनी बोर्ड लगवाए हैं।

पुलिस का कहना है कि टनल में सुरक्षित यातायात बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है। सोशल मीडिया पर कुछ सेकेंड के वीडियो और व्यूज के लिए अपनी या किसी दूसरे की जान को खतरे में डालना भारी पड़ सकता है।