जिला बदर आदेश का उल्लंघन कर घर के पास घूम रहा आरोपी गिरफ्तार, NSA के तहत मामला दर्ज
दुकान चलाने के नाम पर रंगदारी मांगने वाला बदमाश गिरफ्तार, पुलिस ने भेजा जेल
घर के पास घूमता मिला जिला बदर का आरोपी
सतना। आपराधिक गतिविधियों के चलते जिस आदतन बदमाश को जिला बदर किया गया था। वह नियमों का उल्लंघन कर घर में आराम फरमा रहा था। पुलिस ने जिला बदर के आरोपी को घर के पास टहलते हुए धर दबोचा। आरोपी के विरुद्ध राष्टीय सुरक्षा अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। इस संंबंध में सिटी कोतवाली टीआई रावेन्द्र द्विवेदी ने बताया कि सोमवार को मुखबिर के जरिए सूचना मिली कि जिला बदर का आरोपी कल्लू बजरहा टोला में अपने घर के पास टहलते हुए दिखा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम को कार्रवाई के लिए भेजा गया। पुलिस टीम ने घर के पास टहल रहे जिला बदर के आरोपी कल्लू उर्फ अभिषेक जायसवाल पिता केवलराम निवासी बजरहा टोला को गिरफ्तार कर लिया।

आरोपी आदतन बदमाश है उसके विरुद्ध पूर्व से कई आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। पुलिस के प्रतिवेदन पर जिला दंडाधिकारी के द्वारा 29 जुलाई 2025 को आरोपी कल्लू के विरुद्ध जिला बदर का आदेश पारित कर पन्ना, रीवा, मैहर जिले की सीमा से बाहर जाने के निर्देश दिए थे। जिला दंडाधिकारी के आदेश की तामीली आरोपी के घर के बाहर चस्पा कर सूचित किया गया है। नियमों का उल्लंघन करने पर आरोपी के खिलाफ मप्र सुरक्षा अधिनियम 1990 की धारा 14 के तहत प्रकरण दर्ज कर न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया। कार्रवाई में प्रधान आरक्षक राहुल सिंह, सत्येन्द्र सिंह, आरक्षक अजीत सिंह और सुभाष पटेल शामिल रहे।
दुकान चलाने रंगदारी मांगने वाला बदमाश गिरफ्तार
सतना। दुकान चलाने के एवज में रुपए की मांग कर गाली-गलौज कर मारपीट करने वाले बदमाश को पुलिस ने गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे डाल दिया। इस संंबंध में मझगवां पुलिस ने बताया कि मझगवां निवासी प्रवीण कुमार वर्मा दुकान चला कर परिवार का भरण पोषण करता है। सोमवार को मोहल्ले में रहने वाला अंकुश कोल दुकान आया और धमकाते हुए कहा कि अगर दुकान चलाना है तो रुपए देने पड़ेगे। इंकार करने पर धमकाया कि अभी शराब के लिए रुपए दो फिर दुकान नियमित रूप से चलने के लिए अलग से पैसे की बात होगी। जब रुपए देने से मना कर दिया गया तो अंकुश ने गाली-गलौज कर मारपीट कर धमकाया।

दुकान संचालक की शिकायत पर प्रकरण दर्ज किया गया जिसके कुछ घंटे के अंदर ही मझगवां पुलिस ने अंकुश कोल उर्फ शटल पिता राम सूरत कोल निवासी तालाब तीर मझगवां को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया। आरोपी के खिलाफ मझगवां थाना में पब्लिक गैंम्बलिंग एक्ट के तहत पूर्व से प्रकरण दर्ज हैं। कार्रवाई में मझगवां थाना प्रभारी आदित्य नारायण धुर्वे के अलावा थाना स्टाफ शामिल रहा।
Varsha Shrivastava 
