Satna में इलाज के लिए निकली विवाहिता की नहर में मिली लाश, हत्या के आरोप पर परिजनों ने किया चक्काजाम
सतना में इलाज के लिए निकली विवाहिता की लाश अगले दिन नहर में मिली। मायके पक्ष ने हत्या का आरोप लगाते हुए शव रखकर सतना-रीवा मार्ग पर चक्काजाम किया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
सतना: रामपुर बाघेलान थाना क्षेत्र की रहने वाली एक विवाहिता, जो अपने पति के साथ इलाज कराने गई थी, संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई। अगले दिन उसका शव नहर में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना के बाद मायके पक्ष ने हत्या का आरोप लगाते हुए सतना-रीवा मार्ग पर शव रखकर चक्काजाम कर दिया। पुलिस की समझाइश के बाद करीब 45 मिनट में जाम समाप्त हुआ।
जानकारी के अनुसार, मरौहा दाहिया बस्ती निवासी सरस्वती दाहिया अपने पति राजकुमार दाहिया के साथ इलाज के लिए माधवगढ़ गई थी। चिकित्सक से परामर्श लेने के बाद पति ने उसे सरकारी स्कूल के पास उतार दिया और स्वयं किसी काम से चला गया। कुछ देर बाद लौटने पर सरस्वती वहां नहीं मिली। काफी तलाश के बाद भी कोई जानकारी नहीं मिलने पर राजकुमार ने कोलगवां थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई।
अगले दिन कोलगवां थाना क्षेत्र के बरहा गांव के पास नहर में एक महिला का शव मिलने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। शव की पहचान सरस्वती दाहिया के रूप में हुई। सूचना मिलते ही मायके पक्ष के लोग मौके पर पहुंचे और हत्या का आरोप लगाते हुए कृपालपुर में शव रखकर सड़क जाम कर दिया।
सूचना पर कोलगवां थाना प्रभारी सुदीप सोनी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने परिजनों को निष्पक्ष जांच और उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद जाम समाप्त कराया गया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल की मरचुरी भेजा गया।
पति से पूछताछ जारी
कोलगवां थाना प्रभारी सुदीप सोनी ने बताया कि मृतका अंतिम बार अपने पति के साथ देखी गई थी। मायके पक्ष द्वारा लगाए गए आरोपों और संदेह के आधार पर पति से पूछताछ की जा रही है। वहीं, रामपुर बाघेलान थाना पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि मौत हादसा, हत्या या आत्महत्या है। फिलहाल मामले की जांच जारी है।
Anubhav Dubey 
