पत्नी की तलाश के नाम पर पुलिस ने की गोवा ट्रिप, पति से कराए 65 हजार खर्च

सतना जिले से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। मामला एक लापता महिला की तलाश का है, लेकिन पीड़ित पति का आरोप है कि यह तलाश कम और सैर ज्यादा साबित हो रही है, वो भी उसके अपने खर्चे पर।

पत्नी की तलाश के नाम पर पुलिस ने की गोवा ट्रिप, पति से कराए 65 हजार खर्च
google

पीड़ित के अनुसार, उसकी पत्नी 11 मार्च से लापता है। उसने सिविल लाइन थाना में गुमशुदगी दर्ज कराई, उम्मीद थी कि पुलिस उसकी मदद करेगी। लेकिन आरोप है कि शुरुआती स्तर पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।

कुछ दिन बाद कहानी में गोवा कनेक्शन जुड़ता है। एक पुलिसकर्मी ने पति को भरोसा दिलाया कि उसकी पत्नी की लोकेशन गोवा में मिली है। फिर क्या था, तलाश के नाम पर सफर शुरू हुआ और इस सफर का पूरा खर्च भी पीड़ित की जेब से ही निकला।

नाम उजागर न करने की शर्त पर पीड़ित ने बताया कि इस यात्रा में करीब 65 हजार रुपए खर्च हो गए हैं, लेकिन न तो पत्नी मिली और न ही कोई ठोस सुराग। यानी खर्च पूरा, नतीजा शून्य।

हैरानी यहीं खत्म नहीं होती। आरोप है कि पहली तलाश यात्रा बेनतीजा रहने के बावजूद अब पुलिस फिर से गोवा चलने का दबाव बना रही है और टिकट बुक कराने को कह रही है।

पीड़ित के मुताबिक, उसे साफ शब्दों में कहा गया कि पत्नी को ढूंढना है तो खर्चा तो करना पड़ेगा। इस बात की शिकायत पीड़ित ने सीएम हेल्पलाइन में भी कराई है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।

पीड़ित ने बताया कि उसके तीन बच्चे हैं, जिनमें सबसे छोटा बच्चा 3 साल का है। पत्नी के लापता होने के बाद से वह बेहद परेशान है और थाने के चक्कर काट रहा है।