मऊगंज: ‘स्कूल चलें हम’ अभियान का द्वितीय चरण, विद्यालयों में उत्साहपूर्वक मनाया गया प्रवेशोत्सव
डिप्टी कलेक्टर पवन गुरैया ने नवप्रवेशी विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए उन्हें नियमित रूप से विद्यालय आने और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त कर अपने भविष्य को उज्ज्वल बनाने के लिए प्रेरित किया
कार्यक्रम में डिप्टी कलेक्टर पवन गुरैया ने नवप्रवेशी विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए उन्हें नियमित रूप से विद्यालय आने, अनुशासन का पालन करने और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त कर अपने भविष्य को उज्ज्वल बनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा व्यक्तित्व विकास और आत्मनिर्भरता का सबसे प्रभावी माध्यम है, जिसका लाभ प्रत्येक बच्चे को पूरी ईमानदारी से उठाना चाहिए।

कार्यक्रम के दौरान नवप्रवेशी विद्यार्थियों का तिलक लगाकर और पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया। साथ ही उन्हें पाठ्यपुस्तकों का वितरण किया गया और विद्यालय में उपलब्ध शैक्षणिक सुविधाओं की जानकारी भी दी गई।

शिक्षकों ने अभिभावकों से बच्चों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने और घर में शिक्षा के प्रति सकारात्मक वातावरण बनाने का आग्रह किया। अभियान के तहत जिले के विभिन्न शासकीय विद्यालयों में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, शिक्षकों और स्थानीय नागरिकों की सहभागिता से प्रवेशोत्सव सहित प्रेरक गतिविधियों का आयोजन किया गया।
इन कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यालय से बाहर रह रहे या बीच में पढ़ाई छोड़ चुके बच्चों को पुनः शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में शिक्षा विभाग के अधिकारी, विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षकगण और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।
Varsha Shrivastava 
