हरमनप्रीत की टीम को बड़ा झटका, T20 वर्ल्ड कप से बाहर हुईं श्रेयंका पाटिल, प्रेमा रावत को मिला मौका

भारतीय महिला टीम को T20 वर्ल्ड कप 2026 में बड़ा झटका लगा है. ऑफ स्पिनर श्रेयंका पाटिल एंकल इंजरी के कारण टूर्नामेंट से बाहर हो गई हैं. उनकी जगह प्रेमा रावत को टीम में शामिल किया गया है.

हरमनप्रीत की टीम को बड़ा झटका, T20 वर्ल्ड कप से बाहर हुईं श्रेयंका पाटिल, प्रेमा रावत को मिला मौका

भारतीय महिला क्रिकेट टीम को T20 वर्ल्ड कप 2026 के बीच बड़ा झटका लगा है. टीम की स्टार ऑफ स्पिनर श्रेयंका पाटिल (Shreyanka Patil) चोट के कारण पूरे टूर्नामेंट से बाहर हो गई हैं. उनकी जगह युवा लेग स्पिनर प्रेमा रावत को टीम में शामिल किया गया है. ICC की तकनीकी समिति ने इस बदलाव को मंजूरी दे दी है.

नीदरलैंड्स के खिलाफ मैच में लगी चोट

श्रेयंका पाटिल को 17 जून को नीदरलैंड्स के खिलाफ मुकाबले के दौरान चोट लगी थी. कप्तान हरमनप्रीत कौर ने उन्हें छठे ओवर में गेंदबाजी के लिए लगाया था. ओवर की पहली ही गेंद पर नीदरलैंड्स की बल्लेबाज फेबे मोलकेनबोअर ने मिड ऑन की तरफ शॉट खेला. गेंद रोकने की कोशिश में श्रेयंका का दाहिना टखना मुड़ गया. चोट इतनी गंभीर थी कि वह मैदान पर खड़ी भी नहीं हो पाईं. मेडिकल स्टाफ तुरंत मैदान पर पहुंचा और उन्हें स्ट्रेचर के जरिए बाहर ले जाया गया. इस मैच में वह सिर्फ एक गेंद ही फेंक सकीं.

पाकिस्तान के खिलाफ किया था शानदार प्रदर्शन

दिलचस्प बात यह है कि श्रेयंका हाल ही में चोट से उबरकर टीम इंडिया में वापस लौटी थीं. 14 जून को पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबले में उन्होंने शानदार गेंदबाजी की थी. उन्होंने 3 ओवर में सिर्फ 17 रन दिए थे और टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई थी. ऐसे में उनका टूर्नामेंट से बाहर होना भारतीय टीम के लिए बड़ा नुकसान माना जा रहा है.

प्रेमा रावत को मिला मौका

श्रेयंका की जगह अब 24 साल की लेग स्पिनर प्रेमा रावत भारतीय टीम का हिस्सा होंगी. ICC महिला T20 वर्ल्ड कप की तकनीकी समिति ने उनके नाम को मंजूरी दे दी है. प्रेमा फिलहाल इंडिया-ए टीम के साथ इंग्लैंड दौरे पर थीं. अब उन्हें सीधे सीनियर टीम के साथ वर्ल्ड कप खेलने का मौका मिलेगा.

अभी तक नहीं किया इंटरनेशनल डेब्यू

प्रेमा रावत अभी तक भारत के लिए इंटरनेशनल क्रिकेट नहीं खेली हैं. हालांकि घरेलू क्रिकेट और इंडिया-ए के लिए उन्होंने लगातार अच्छा प्रदर्शन किया है. इस साल महिला प्रीमियर लीग (WPL) में भी उनकी गेंदबाजी की काफी चर्चा रही. इसके अलावा वुमेंस एशिया कप राइजिंग स्टार्स टूर्नामेंट में उन्होंने 8 विकेट लेकर चयनकर्ताओं का ध्यान अपनी ओर खींचा था. अब देखना दिलचस्प होगा कि वर्ल्ड कप जैसे बड़े मंच पर प्रेमा रावत अपने पहले मौके को किस तरह भुनाती हैं.