IPL में छक्के बरसाने वाले वैभव श्रीलंका में फीके, 5 मैच में नहीं आई एक भी फिफ्टी

IPL 2026 में धमाल मचाने वाले वैभव सूर्यवंशी श्रीलंका ट्राई सीरीज में अब तक एक भी अर्धशतक नहीं लगा सके हैं. अफगानिस्तान के खिलाफ चार जीवनदान मिलने के बावजूद वह सिर्फ 38 रन बनाकर आउट हो गए.

IPL में छक्के बरसाने वाले वैभव श्रीलंका में फीके, 5 मैच में नहीं आई एक भी फिफ्टी

IPL 2026 में वैभव सूर्यवंशी ने रनों का अंबार लगाया. लोगों को उम्मीद थी कि इंडिया ए डेब्यू मैच में भी वैभव कुछ ऐसा ही कमाल करेंगे. श्रीलंका में खेली जा रही ट्राई सीरीज में वैभव ने सधी हुई बल्लेबाजी तो कि लेकिन पांच मैचों में एक भी फिप्टी नहीं लगा पाए. सीरीज के पांचवें मैच में तो उन्हें चार-चार लाइफ लाइन भी मिलीं. फिर भी 50 का मार्क क्रॉस नहीं हुआ. 

वैभव के कैच पर विवाद 

अफगानिस्तान के खिलाफ सीरीज के पांचवें मैच में वैभव, प्रियांश आर्या के साथ ओपनिंग करने उतरे. पहले ओवर में वैभव अपना खाता नहीं खोल सके थे. दूसरे ओवर की तीसरी गेंद पर वैभव आउट होते-होते बचे. शम्स की गेंद पर सूर्यवंशी ने कट करके गेंद को पॉइंट की ओर खेला. गेंद में एक्सट्रा बाउंस था और इसी वजह से वैभव शॉट को कंट्रोल नहीं कर सके. फरीदून ने डाइव मारकर एक हाथ से कैच लपका. पहली दफा देखकर ऐसा लग रहा था कि यह क्लीन कैच है. लेकिन अंपायर्स को भरोसा नहीं था. उन्होंने थर्ड अंपायर को रेफर किया. कई एंगल्स से देखने के बाद अंपायर ने वैभव को नॉट आउट करार दिया. अंपायर्स के मुताबिक गेंद का कुछ हिस्सा जमीन को छू रहा था. फील्डिंग टीम इस फैसले से काफी हैरान दिखाई दी. 

वैभव को मिले कई जीवनदान

अगले ही ओवर में वैभव को फिर जीवनदान मिला. फरीदून की गेंद पर सूर्यवंशी ने पुल किया. गेंद बल्ले का ऊपरी किनारा लेते हुए फील्डर के हाथों तक पहुंची. यह वैभव को मिला दूसरा जीवनदान था. यह सिलसिला यही नहीं रुका. छठे ओवर की पांचवीं गेंद पर एक बार फिर मिड ऑन पर वैभव का कैच छूटा. 8वें ओवर में वैभव को इस पारी का चौथा जीवनदान मिला. इस बार फरीदून की गेंद पर वैभव का कैच ड्रॉप किया. चार जीवनदान भी वैभव के बहुत काम नहीं आए.

वैभव के बल्ले से नहीं आई फिफ्टी

वैभव ने इस सीरीज में अब तक कोई फिफ्टी नहीं लगाई है. उन्होंने पहले मैच में 14, दूसरे मुकाबले में 44 और श्रीलंका के खिलाफ तीसरे मैच में 21 रन बनाए. 17 जून को भी 38 रन बनाकर आउट हुए. वहीं दूसरी ओर वह विवादों में भी फंस गए. श्रीलंका के खिलाफ पिछले मैच में वैभव की श्रीलंकाई गेंदबाज के साथ लड़ाई हो गई थी. दोनों के बीच धक्का-मुक्की भी हुई. हालांकि अभी तक किसी भी खिलाड़ी को सजा नहीं दी गई है. इस सीरीज के बाद वैभव सीनियर टीम के साथ जुड़ जाएंगे. उन्हें आयरलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ टी20 सीरीज के लिए टीम में शामिल किया गया है.