भोपाल में ग्रीन बिल्डिंग सेमिनार का शुभारंभ, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने किया उद्घाटन

इंडियन बिल्डिंग कांग्रेस की 113वीं बैठक में बोले सीएम मोहन यादव, “लोक निर्माण से लोक कल्याण” पुस्तक का विमोचन

भोपाल में ग्रीन बिल्डिंग सेमिनार का शुभारंभ, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने किया उद्घाटन

भोपाल। राजधानी स्थित कुशाभाऊ ठाकरे इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर में आयोजित ग्रीन बिल्डिंग तकनीक एवं इंडियन बिल्डिंग कांग्रेस की 113वीं गवर्निंग काउंसिल मीटिंग और अखिल भारतीय सेमिनार का शुभारंभ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने मुख्यमंत्री का अंगवस्त्रम और पौधा भेंटकर स्वागत किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने ग्रीन बिल्डिंग तकनीक के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि प्रकृति के साथ सामंजस्य स्थापित कर न केवल आर्थिक समृद्धि हासिल की जा सकती है, बल्कि मानवीय अस्तित्व को भी अधिक सुरक्षित और सशक्त बनाया जा सकता है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में मध्यप्रदेश प्राचीन ज्ञान और आधुनिक विज्ञान का समन्वय करते हुए प्रकृति अनुकूल अधोसंरचना विकास की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।

सीएम ने कहा कि राज्य में ग्रीन बिल्डिंग कंसेप्ट को बढ़ावा दिया जा रहा है, जिसके तहत सौर ऊर्जा, ग्रीन अर्बन प्लानिंग और जल संरक्षण जैसे महत्वपूर्ण पहलुओं पर विशेष ध्यान केंद्रित किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्यों में ऐसे उपायों को प्राथमिकता दी जाएगी, जिनसे पर्यावरण को नुकसान पहुंचाए बिना मजबूत और टिकाऊ अधोसंरचना विकसित की जा सके।

सीएम ने कहा कि हम जनसंख्या की दृष्टि से विश्व के सबसे बड़े देशों में अग्रणी हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के मार्गदर्शन में आज देश तकनीक को अपनाकर प्रगति के पथ पर निरंतर अग्रसर है। अब समय की मांग है कि इंफ्रास्ट्रक्चर विकास में ग्रीन बिल्डिंग तकनीकों को अपनाकर हम वैश्विक चुनौतियों के बीच अपने भविष्य को और अधिक सशक्त एवं सुरक्षित बनाएं। इस दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने “लोक निर्माण से लोक कल्याण” पुस्तक का विमोचन भी किया। इस कार्यक्रम में देशभर से आए विशेषज्ञों, इंजीनियरों और निर्माण क्षेत्र से जुड़े प्रतिनिधियों ने भाग लिया और विकास के लिए नए आयामों पर चर्चा की।