सीपीआर देकर जान बचाने वाले पुलिसकर्मियों को डीजीपी का सम्मान, 5-5 हजार रुपए का इनाम
सीपीआर देकर जान बचाने वाले पुलिसकर्मियों को डीजीपी का सम्मान, 5-5 हजार रुपए का इनाम। पुलिस कमिश्नर कार्यालय में एक व्यक्ति अचानक बेहोश होकर गिर पड़ा था। मौके पर मौजूद दोनों पुलिसकर्मियों ने बिना समय गंवाए उसे सीपीआर दिया। त्वरित कार्रवाई से व्यक्ति की सांसें फिर से चलने लगीं और उसकी जान बच गई।
भोपाल: पुलिस कमिश्नर कार्यालय में एक व्यक्ति की जान बचाने वाले दो पुलिसकर्मियों को मध्य प्रदेश के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) कैलाश मकवाना ने सम्मानित किया है। दोनों पुलिसकर्मियों की तत्परता और सूझबूझ की सराहना करते हुए डीजीपी ने उन्हें 5-5 हजार रुपए के नगद पुरस्कार से सम्मानित किया।

जानकारी के अनुसार, पुलिस कमिश्नर कार्यालय में एक व्यक्ति अचानक बेहोश होकर गिर पड़ा था। मौके पर मौजूद दोनों पुलिसकर्मियों ने बिना समय गंवाए उसे सीपीआर (कार्डियो पल्मोनरी रिससिटेशन) दिया। उनकी त्वरित कार्रवाई से व्यक्ति की सांसें फिर से चलने लगीं और उसकी जान बच गई।
इस सराहनीय कार्य की जानकारी मिलने पर डीजीपी कैलाश मकवाना ने दोनों जवानों की प्रशंसा करते हुए कहा कि पुलिसकर्मी केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखने का ही नहीं, बल्कि जरूरत पड़ने पर लोगों की जान बचाने का भी महत्वपूर्ण कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाएं पुलिस की संवेदनशील और मानवता से जुड़ी छवि को मजबूत करती हैं।
डीजीपी ने दोनों पुलिसकर्मियों को 5-5 हजार रुपए का पुरस्कार प्रदान कर उनके उत्कृष्ट कार्य को सम्मानित किया और अन्य पुलिसकर्मियों को भी आपात स्थितियों में प्राथमिक उपचार एवं सीपीआर प्रशिक्षण के महत्व को समझने की सलाह दी।

