पिता की मौत के बाद बेटियों को थमाया 63 हजार का बिजली बिल, मंत्री ने दिए जांच के आदेश

भोपाल में माता-पिता की मौत के बाद बेटियों को 63 हजार रुपये का बिजली बिल भेजे जाने के मामले में कांग्रेस के आरोप पर ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने जांच के निर्देश दिए।

पिता की मौत के बाद बेटियों को थमाया 63 हजार का बिजली बिल, मंत्री ने दिए जांच के आदेश

भोपाल:भोपाल में बिजली बिल को लेकर बड़ा मामला सामने आया है, जहां पिता की मौत के बाद चार बहनों को बिजली विभाग ने 63,774 रुपये का चालान भेज दिया। अशोका गार्डन निवासी रेशमा खान अपनी तीन छोटी बहनों के साथ किराने की छोटी दुकान चलाकर किसी तरह परिवार का खर्च चला रही हैं।

भारी भरकम बिजली बिल से परिवार की मुश्किलें बढ़ी

बिजली मीटर साल 2009 से उनके पिता यूसुफ खान के नाम पर दर्ज था, जिनका 2021 में निधन हो चुका है। इसके बावजूद 2025 में अचानक भारी भरकम बिल भेजे जाने से परिवार की परेशानी बढ़ गई।परिजनों ने कई बार बिजली विभाग में शिकायत की, लेकिन कहीं सुनवाई नहीं हुई।

कांग्रेस नेता के साथ ऊर्जा मंत्री से मिला परिवार

आखिरकार कांग्रेस नेता मनोज शुक्ला के साथ पीड़ित परिवार ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर के बंगले पहुंचा और सभी दस्तावेज सामने रखे। कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि बिना उचित सत्यापन के मृत व्यक्ति के नाम पर मीटर दर्ज रखा गया और जिस मकान में कनेक्शन है वह बेटी अफसाना खान के नाम पर है, इसलिए परिवार पर बिल की जिम्मेदारी नहीं बनती। पूरे मामले को गंभीर मानते हुए ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने अधिकारियों को जांच के निर्देश दिए हैं और जल्द समाधान का आश्वासन दिया है।