पुरानी रंजिश में किसान की झोपड़ी जलाई 2 लाख का सामान जलकर खाक 2 पर FIR

पुरानी रंजिश में किसान की झोपड़ी जलाई अनाज और कृषि उपकरण समेत 2 लाख का सामान जलकर खाक 2 पर FIR

पुरानी रंजिश में किसान की झोपड़ी जलाई 2 लाख का सामान जलकर खाक 2 पर FIR

शिवपुरी: नरवर थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश के चलते एक किसान की खेत पर बनी झोपड़ी में आग लगाने का मामला सामने आया है। इस आगजनी में अनाज, बीज, कृषि उपकरण और घरेलू सामान जलकर खाक हो गया, जिससे किसान को करीब 2 लाख रुपए का नुकसान हुआ। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने दो नामजद पड़ोसियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, धुवाई तालाब के सामने रहने वाले 60 वर्षीय किसान पीरा शाह ने नरवर थाने में आगजनी की शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने पुलिस को बताया कि 23 जून की रात वे अपने खेत पर बनी पाटौर (झोपड़ी) में सो रहे थे। रात के समय उन्हें अचानक कुछ संदिग्ध आवाज सुनाई दी, जिसके बाद वे जाग गए। पीछे जाकर देखने पर उन्हें घटना का पता चला।

पड़ोसियों को आग लगाकर भागते देखा

पीरा शाह ने बताया कि उन्होंने अपने पड़ोसी हबीब शाह और नाजू शाह को रिहायशी टपरिया में आग लगाते और वहां से भागते हुए देखा। आग की लपटें देखकर किसान ने शोर मचाया, जिसे सुनकर उनका बेटा, बहू और आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंच गए। हालांकि, तब तक आग पूरी झोपड़ी को अपनी चपेट में ले चुकी थी। आग इतनी भयानक थी कि ग्रामीणों के लिए उसे बुझाना संभव नहीं हो सका।

गेहूं, बीज और उपकरण जले, BNS की धाराओं में केस दर्ज

इस भीषण आगजनी में झोपड़ी में रखा गेहूं, आटा, फसल के बीज, कृषि उपकरण, बिजली का सामान और अन्य घरेलू सामग्री पूरी तरह नष्ट हो गई है। पीड़ित किसान ने पुलिस को दिए आवेदन में लगभग 2 लाख रुपए के नुकसान का दावा किया है।

नरवर थाना पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए दोनों आरोपी हबीब शाह और नाजू शाह के खिलाफ बीएनएस (BNS) की धारा 326(ग) के तहत एफआईआर दर्ज कर ली है। फिलहाल पुलिस आगजनी के वास्तविक कारणों और दोनों पक्षों के बीच पुरानी रंजिश के सभी पहलुओं की गहनता से पड़ताल कर रही है।