फैक्ट्रीकर्मी पर हमला कर लूट में शामिल 2 नाबालिग समेत 5 आरोपी गिरफ्तार
फैक्ट्रीकर्मी पर हमला कर लूट में शामिल 2 नाबालिग समेत 5 आरोपी गिरफ्तार संतोषी माता तिराहे से लेकर बढ़इया टोला के बीच रात में करते थे वारदात
सतना: कोलगवां थाना अंतर्गत बिरला रोड पर फैक्ट्रीकर्मी से मारपीट और लूट के 5 आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है, जिनमें से दो नाबालिग बताए जा रहे हैं। आरोपियों के कब्जे से सोने-चांदी के आभूषण और फोन जब्त किया गया है। पुलिस ने बताया कि कमलापति पांडेय 60 वर्ष, निवासी सिद्धार्थ नगर, बीते 17 जून की रात को ड्यूटी से घर लौट रहे थे, तब बिरला रोड पर एमपीईबी सबस्टेशन के पास कई बदमाशों ने रास्ता रोककर मारपीट और चाकू से हमला करते हुए साइकिल, मोबाइल और सोने-चांदी के आभूषण छीन लिए। इस घटना में गंभीर रूप से घायल होने पर पीडि़त को जिला अस्पताल में भर्ती कराने के साथ अपराध दर्ज कर आरोपियों की तलाश प्रारंभ की गई। इसी बीच मुखबिर से मिली सूचना पर आईटीआई बसोर बस्ती में दबिश देते हुए आरोपी कुलदीप उर्फ लल्ली पुत्र विनोद बंसल 19 वर्ष, रजित पुत्र ददुल्ली बंशकार 20 वर्ष, मनीष उर्फ मुडिय़ा पुत्र अच्छेलाल बसोर 19 वर्ष और दो नाबालिगों को हिरासत में लिया गया, जिन्होंने पूछताछ में जुर्म कबूल करते हुए मोबाइल और सोने-चांदी के आभूषण बरामद करा दिए। पूछताछ के बाद तीन आरोपियों को जिला न्यायालय और दो नाबालिगों को किशोर बोर्ड के समक्ष पेश किया गया है।
चोरी और अड़ीबाजी में भी शामिल थे ।
पकड़े गए आरोपियों में शामिल रजित बंशकार ने पूछताछ में बीते दिनों उतैली निवासी चंद्रशेखर उर्फ पप्पू पाठक के सूने मकान का ताला तोडक़र सोने-चांदी के आभूषण और नकदी पर हाथ साफ करने की बात कबूली, तो 22 मई 2026 को योगेश दुबे निवासी बिरला कॉलोनी को संतोषी माता तिराहे के पास रोककर शराब पीने के लिए पैसे मांगने और गाली-गलौज कर मारपीट करने में शामिल आरोपी कुलदीप उर्फ लल्ली बंसल, मनी उर्फ मुडिय़ा बसोर और एक नाबालिग की संलिप्तता पाई गई। उक्त प्रकरणों में भी आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

