वेस्टर्न डिस्टरबेंस से बदला मौसम का मिजाज, 18-19 फरवरी को MP के कई जिलों में बारिश के आसार
वेस्टर्न डिस्टरबेंस की वजह से एमपी में फिर बदला मौसम। ग्वालियर, चंबल-सागर के साथ उज्जैन संभाग में भी बारिश होने के आसार।
मध्य प्रदेश में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदल गया है। सक्रिय वेस्टर्न डिस्टरबेंस (पश्चिमी विक्षोभ) के प्रभाव से प्रदेश के कई हिस्सों में 18 और 19 फरवरी को बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार ग्वालियर-चंबल, सागर और उज्जैन संभाग में इसका स्पष्ट असर देखने को मिल सकता है। वहीं, राजधानी भोपाल और इंदौर में बादल छाए रहने के आसार हैं।
इन जिलों में बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने ग्वालियर, श्योपुर, मुरैना, भिंड, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़ और नीमच जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा उज्जैन संभाग में भी नए सिस्टम का प्रभाव देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग का कहना है कि 16 फरवरी से उत्तर-पश्चिम भारत में सक्रिय होने वाला यह सिस्टम एमपी को भी प्रभावित करेगा।
दिन में गर्मी, रात में सर्दी
रविवार को प्रदेश में मौसम का मिला-जुला असर दिखाई दिया। खंडवा और खरगोन में दिन का तापमान 34 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया। वहीं दतिया, धार, गुना, ग्वालियर, इंदौर, रायसेन, रतलाम, उज्जैन, दमोह, जबलपुर, खजुराहो, मंडला, नरसिंहपुर, सागर, सतना और उमरिया में अधिकतम तापमान 30 डिग्री या उससे अधिक दर्ज किया गया। इससे दिन में हल्की गर्मी का एहसास हुआ, जबकि सुबह और रात में ठंड बनी रही।
करौंदी रहा सबसे ठंडा
शनिवार-रविवार की रात प्रदेश में ठंड का असर बना रहा। कटनी जिले के करौंदी में न्यूनतम तापमान 8.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे कम रहा। इसके अलावा पचमढ़ी में 9.2 डिग्री, कल्याणपुर में 9.4 डिग्री और रीवा में 9.6 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया।
बड़े शहरों का तापमान
प्रदेश के पांच प्रमुख शहरों में न्यूनतम तापमान इस प्रकार दर्ज किया गया—इंदौर में 11.5 डिग्री, ग्वालियर में 11.7 डिग्री, भोपाल में 13 डिग्री, उज्जैन में 13.5 डिग्री और जबलपुर में 14.3 डिग्री। फिलहाल अधिकांश शहरों में रात का तापमान 10 डिग्री से ऊपर बना हुआ है।
फरवरी में तीसरी बार बदलेगा मौसम
फरवरी महीने की शुरुआत में ही प्रदेश में दो बार ओले, बारिश और आंधी का दौर रह चुका है, जिससे फसलों को नुकसान हुआ था। सरकार ने प्रभावित क्षेत्रों में सर्वे भी कराया था। अब तीसरी बार फरवरी में बारिश के आसार बन रहे हैं। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री तक बढ़ोतरी हो सकती है।
अगले दो दिन ऐसा रहेगा मौसम
16 फरवरी को दिन में गर्मी का असर बढ़ा रहेगा और रात के तापमान में भी वृद्धि होगी। 17 फरवरी को कुछ जिलों में सुबह हल्का कोहरा छा सकता है, हालांकि इस दिन बारिश की संभावना नहीं जताई गई है। फिलहाल प्रदेश में रात और सुबह के समय हल्की सर्दी का दौर जारी रहेगा।
Varsha Shrivastava 
