नरसिंहपुर में यात्री बस पलटी, सभी यात्री सुरक्षित
नरसिंहपुर में यात्री बस पलटी नीलगाय बचाने के प्रयास में NH-45 पर हुआ हादसा, सभी यात्री सुरक्षित
नरसिंहपुर जिले के NH-45 राजमार्ग पर 30 अप्रैल की रात एक बड़ा सड़क हादसा टल गया। गजानन होटल के पास इंदौर से सीधी जा रही एक यात्री बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में बस में सवार ड्राइवर, क्लीनर सहित सभी 36 यात्री बाल-बाल बच गए। घटना रात करीब 3 बजे की है। बस MP19 ZJ 8060 अचानक अनियंत्रित हो गई और रेलिंग तोड़ते हुए सड़क के किनारे से दूसरी ओर जाकर पलट गई बस बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई।

चालक ने बताया कि सड़क पर अचानक एक नीलगाय आ गई थी, जिसे बचाने के प्रयास में वाहन अनियंत्रित हो गया और दुर्घटना हो गई। कुछ यात्रियों को मामूली चोटें आईं, जिन्हें प्राथमिक उपचार दिया गया। इसके बाद उन्हें दूसरी बस से गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया। घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंचकर राहत कार्य में मदद की। उन्होंने यात्रियों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया और आवश्यक सहायता प्रदान की।
यात्री डॉ. विवेक पटेल ने बताया कि वे भोपाल से बस में चढ़े थे और उस समय लगभग पैंतीस लोग सवार थे। अधिकांश यात्री सो रहे थे, तभी अचानक रेलिंग से टकराने की आवाज आई और बस पलट गई। उन्होंने ईश्वर का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि किसी को गंभीर चोट नहीं आई और सभी सुरक्षित हैं।

