CM योगी हिंदू होने का प्रमाण दें, शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद ने दिया 40 दिन का अल्टीमेटम
प्रयागराज में माघ मेला छोड़ने के बाद शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद ने योगी सरकार पर जमकर हमला बोला है। स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने शुक्रवार को पीसी कर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से हिंदू होने का प्रमाण मांगा है।
वाराणसी: प्रयागराज में माघ मेला छोड़ने के बाद शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद ने योगी सरकार पर जमकर हमला बोला है। स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने शुक्रवार को पीसी कर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से हिंदू होने का प्रमाण मांगा है। उन्होंने कहा कि मुझसे शंकराचार्य होने का प्रमाण पत्र मांगा गया था, मैंने वह दे दिया है। मेरे प्रमाण सच्चे थे, इसीलिए उन्हें मानना पड़ा है। अब मुख्यमंत्री को अपने हिंदू होने का प्रमाण देना चाहिए।
शंकराचार्य ने कहा कि, अब प्रमाण मांगने का समय निकल चुका है। अब सवाल CM योगी से होना चाहिए। उन्होंने कहा, अब मुख्यमंत्री योगी को यह प्रमाण देना चाहिए कि वे हिंदू हैं। स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने कहा, 'आपको हम 40 दिनों का समय दे रहे हैं। इन 40 दिनों में आप यह प्रमाण दीजिए कि आप वास्तव में गो-भक्त हैं। अगर आप यह प्रमाण नहीं दे पाते हैं, तो माना जाएगा कि आप नकली हिंदू हैं, कालनेमि हैं, पाखंडी और ढोंगी हैं। सिर्फ दिखावे के लिए आपने गेरुआ वस्त्र धारण किया है।''
इससे पहले मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने सरकार पर तंज कसते हुए कहा था कि यहां लोगों के काम राक्षसों के हैं और चोला साधुओं का पहने बैठे हैं। उन्होंने कहा कि संत कभी बंट नहीं सकते। संत के नाम पर जो लोग वेशधारी बनकर दिखाई देते हैं, वो अपने आप ही अलग हैं। वे असली संत नहीं हैं। ढोंगी संत और सच्चा संत हमेशा अलग होते हैं। प्रयागराज में जो लाठी चलाई गई, उसका निशाना सिर्फ असली संत नहीं थे। लाठी उन लोगों पर भी चली जो गुरुकुल में शिक्षा लेने आए थे, संन्यासियों, ब्रह्मचारियों, साध्वियों और बुजुर्गों पर भी। ये सब लोग सनातन धर्म का हिस्सा हैं। जिनको इससे पीड़ा नहीं हो रही, वे असली संत नहीं हैं, बल्कि ढोंगी संत हैं।
pushpendra 
