वोटिंग के बीच प्रशांत किशोर का बड़ा आरोप, बोले- हार के डर से मेरे लोगों को रोका गया
बिहार के बांकीपुर उपचुनाव में मतदान जारी है। जन सुराज प्रमुख प्रशांत किशोर ने बीजेपी और पुलिस पर उनके कार्यकर्ताओं को रोकने का आरोप लगाया। जानिए वोटिंग के बीच क्या बोले PK।
पटना: बिहार की हाई-प्रोफाइल बांकीपुर विधानसभा सीट पर गुरुवार को मतदान जारी है। वोटिंग के बीच जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर (PK) ने बीजेपी और पुलिस प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने दावा किया कि चुनाव में हार के डर से उनके कई कार्यकर्ताओं को रातभर थानों में बैठाकर रखा गया, ताकि वे मतदान के दिन पार्टी के लिए काम न कर सकें।
प्रशांत किशोर ने कहा कि मतदान शुरू होने से पहले कई इलाकों में पुलिस कार्रवाई हुई और जन सुराज के समर्थकों को बिना ठोस वजह के हिरासत में लिया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि यह सब चुनाव को प्रभावित करने के लिए किया गया है। वहीं प्रशासन ने सभी आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कार्रवाई की गई है और मतदान शांतिपूर्ण ढंग से जारी है।
बांकीपुर सीट पर सुबह से ही मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की आवाजाही देखी जा रही है। इस उपचुनाव को बिहार की राजनीति के लिहाज से अहम माना जा रहा है, क्योंकि इसके नतीजे प्रमुख राजनीतिक दलों के साथ-साथ जन सुराज की राजनीतिक ताकत का भी बड़ा संकेत देंगे।
Anubhav Dubey 
