भोपाल में 17 सितंबर से शुरू होगा ‘सेवा संकल्प अभियान’, शहर से गांव तक रोशनी से जगमग होंगे प्रमुख स्थल

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस 17 सितंबर से भोपाल में ‘सेवा संकल्प अभियान’ शुरू होगा। 17 अक्टूबर तक चलने वाले अभियान के तहत शहर से गांव तक प्रमुख स्थलों को रोशनी और दीयों से सजाया जाएगा।

भोपाल में 17 सितंबर से शुरू होगा ‘सेवा संकल्प अभियान’, शहर से गांव तक रोशनी से जगमग होंगे प्रमुख स्थल

भोपाल, 12 सितंबर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस 17 सितंबर से मध्यप्रदेश समेत देशभर में ‘सेवा संकल्प अभियान’ शुरू होगा। यह अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा। भोपाल जिले में अभियान के भव्य शुभारंभ को लेकर तैयारियों की समीक्षा की गई।

भोपाल जिले के प्रभारी एवं एमएसएमई मंत्री चेतन्य कुमार काश्यप ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि 17 सितंबर को अभियान की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन और आकर्षक रोशनी के साथ भव्य तरीके से की जाए। उन्होंने कहा कि नगरीय क्षेत्रों के साथ ग्रामीण क्षेत्रों के प्रमुख स्थानों और चौराहों को भी दीयों से सजाया जाए।

मंत्री काश्यप ने कहा कि मेट्रो रेल जैसे प्रमुख प्रोजेक्ट, महत्वपूर्ण योजना स्थल, ऐतिहासिक और प्रशासनिक इमारतों को भी रोशनी से सजाया जाए। राजभवन, मिंटो हॉल, इंदिरा विधान भवन, वल्लभ भवन, सतपुड़ा और विंध्याचल भवन के साथ-साथ झीलों और तालाबों के आसपास के क्षेत्रों को भी आकर्षक रोशनी से जगमग करने के निर्देश दिए गए हैं।

उन्होंने अधिकारियों से कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मस्थान बडनगर से आने वाली यात्रा की अगवानी भी उत्साह और उमंग के साथ की जाए। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के दौरान मंत्री ने ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत आयोजित होने वाले कार्यक्रमों, सेवा प्रकल्पों और नोडल अधिकारियों की जानकारी भी साझा की। अभियान के तहत कुल 13 राष्ट्रव्यापी गतिविधियां संचालित की जाएंगी।

वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग का संचालन भोपाल कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने किया। जिला पंचायत सीईओ इला तिवारी ने अभियान की तैयारियों को लेकर प्रेजेंटेशन दिया। बैठक में सांसद आलोक शर्मा, विधायक भगवानदास सबनानी और विष्णु खत्री, महापौर मालती राय, भोपाल जिला अध्यक्ष रविंद्र यती, जिला पंचायत अध्यक्ष और जनपद पंचायत अध्यक्ष सहित अन्य जनप्रतिनिधि शामिल हुए।