रतलाम: चेतन्य काश्यप फाउंडेशन द्वारा प्रतिभा सम्मान समारोह आयोजित, 2500 मेधावी विद्यार्थियों हुए सम्मानित
चेतन्य काश्यप फाउंडेशन द्वारा आयोजित प्रतिभा सम्मान समारोह में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के मुख्य आतिथ्य में 2500 से अधिक मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया।
रतलाम, 10 जनवरी। चेतन्य काश्यप फाउंडेशन द्वारा आयोजित भव्य प्रतिभा सम्मान समारोह में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि यदि कोई व्यक्ति एक बच्चे की शिक्षा और भविष्य की चिंता कर ले, तो वह कार्य चारधाम यात्रा से भी बड़ा पुण्य कार्य है। उन्होंने कहा कि समाज में बड़े आयोजन और भंडारे होते रहते हैं, लेकिन गरीब और प्रतिभावान बच्चों को आगे बढ़ाने की सोच ही सच्ची सेवा है।
बरबड़ स्थित विधायक सभागृह में आयोजित इस समारोह में 2500 से अधिक मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कैबिनेट मंत्री एवं चेतन्य काश्यप फाउंडेशन के अध्यक्ष चेतन्य काश्यप ने की। विशेष अतिथि के रूप में भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय उपस्थित रहे। मंच पर संभाग प्रभारी सुरेश आर्य, जिला प्रभारी प्रदीप पांडेय, उज्जैन विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा, रतलाम ग्रामीण विधायक मथुरालाल डामर, आयोजन समिति सलाहकार व पूर्व महापौर शैलेंद्र डागा, निर्मल लुनिया सहित अन्य जनप्रतिनिधि व गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने अपने संबोधन में कहा कि चेतन्य काश्यप फाउंडेशन द्वारा किया जा रहा यह आयोजन अत्यंत अनुकरणीय है। एक साथ 2500 बच्चों और उनके अभिभावकों को बुलाकर सम्मान करना अपने आप में एक मिसाल है। उन्होंने कहा कि चेतन्य काश्यप वर्षों से शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर कार्य कर रहे हैं और संभवतः सरकार को भी उनसे प्रेरणा मिली होगी, जिसके चलते लैपटॉप वितरण जैसी योजनाएं प्रारंभ हुईं।
उन्होंने कहा कि खेल के क्षेत्र में चेतना खेल मेला जैसे आयोजन से बच्चों को आगे बढ़ने का अवसर मिला, जिससे सरकार को भी खेलों के विकास की दिशा में काम करने की प्रेरणा मिली। अहिंसा ग्राम में गरीबों के लिए बनाए गए मकान प्रधानमंत्री आवास योजना की अवधारणा से पहले का उदाहरण हैं। उन्होंने आशा व्यक्त की कि यदि जनप्रतिनिधि, व्यवसायी और समाज के हर वर्ग का व्यक्ति समाज के लिए कोई न कोई सकारात्मक कार्य करे, तो रतलाम देश-दुनिया के नक्शे पर अग्रणी स्थान प्राप्त कर सकता है।

कैबिनेट मंत्री चेतन्य काश्यप ने कहा कि जब इस प्रतिभा सम्मान समारोह की शुरुआत की गई थी, तब लगभग 1600 विद्यार्थी इसमें शामिल हुए थे, लेकिन इस वर्ष यह संख्या बढ़कर 2540 तक पहुंच गई है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष 93 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले 121 विद्यार्थी मंच पर सम्मानित किए गए। यह इस बात का प्रमाण है कि बच्चों का बौद्धिक स्तर लगातार ऊंचा हो रहा है, जिसके लिए विद्यालय संचालक और अभिभावक बधाई के पात्र हैं।
मंत्री काश्यप ने कहा कि बीते वर्षों में रतलाम में युवाओं के लिए रोजगार और विकास के कई अवसर तैयार हुए हैं। आने वाले दस वर्षों में निवेश क्षेत्र में लगभग एक लाख करोड़ रुपये का निवेश प्रस्तावित है, जिससे युवाओं को रोजगार के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि आज आवश्यक है कि हमारे सामने आई यह पीढ़ी केवल शैक्षणिक रूप से ही नहीं, बल्कि संस्कार, परिवार के प्रति जिम्मेदारी और समाज के प्रति जवाबदेही के साथ संपूर्ण विकास की ओर बढ़े।

उन्होंने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ द्वारा अपने 100वें वर्ष में बताए गए पंच परिवर्तन का उल्लेख करते हुए कहा कि इनमें कुंटुंब प्रबोधन अत्यंत महत्वपूर्ण है। अभिभावकों को सप्ताह में कम से कम एक दिन 10-15 मिनट बच्चों के साथ बैठकर संवाद करना चाहिए, उन्हें आदेश देने के बजाय उनकी इच्छाओं और विचारों को समझना चाहिए। इससे समाज में सकारात्मक परिवर्तन संभव है। उन्होंने कहा कि प्रतिदिन प्रभु स्मरण के समय यदि एक मिनट भी बच्चों के भविष्य के लिए सोच लिया जाए, तो निश्चित रूप से उनका भविष्य उज्ज्वल बनेगा।
संभाग प्रभारी सुरेश आर्य ने कहा कि चेतन्य काश्यप फाउंडेशन द्वारा इस प्रकार के आयोजन प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने का उत्कृष्ट उदाहरण हैं। मंत्री काश्यप समाज के हर वर्ग के लिए कुछ न कुछ कार्य कर रहे हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे केवल किताबी ज्ञान तक सीमित न रहें, बल्कि हर क्षेत्र में आगे बढ़ें। साथ ही उन्होंने असफल विद्यार्थियों को निराश न होने की सलाह देते हुए कहा कि निरंतर प्रयास से सफलता अवश्य मिलती है।

जिला प्रभारी प्रदीप पांडेय ने कहा कि चेतन्य काश्यप न केवल रतलाम बल्कि पूरे प्रदेश में परिवर्तन लाने का कार्य कर रहे हैं और शासन स्तर पर भी उनकी भूमिका महत्वपूर्ण है। जिलाध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय ने कहा कि बीते 11 वर्षों से मंत्री काश्यप लगातार रतलाम की प्रतिभाओं को सम्मानित कर रहे हैं। खेलों के क्षेत्र में चेतना खेल मेला भी इसी कड़ी का हिस्सा है।
स्वागत भाषण में पूर्व महापौर शैलेंद्र डागा ने बताया कि प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन विगत 11 वर्षों से किया जा रहा है और अब तक 20 हजार से अधिक मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया जा चुका है। पुरस्कार स्वरूप विद्यार्थियों को रिस्ट वॉच और शील्ड प्रदान की गई। कार्यक्रम का संचालन विकास शैवाल ने किया तथा आभार प्रदर्शन निर्मल लुनिया ने किया।
Varsha Shrivastava 
