हाईटेक चोर गिरोह का पर्दाफाश : सीवेज पाइप में छिपाए थे 12 लाख के सोने-चांदी के जेवर

Dabra Theft Case : डबरा के भितरवार में पुलिस ने चोरी के मामले का खुलासा कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। सीवेज पाइपलाइन के अंदर छिपाए गए 12 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवर बरामद किए गए।

हाईटेक चोर गिरोह का पर्दाफाश : सीवेज पाइप में छिपाए थे 12 लाख के सोने-चांदी के जेवर

Dabra Theft Case : डबरा। मध्य प्रदेश के डबरा में चोरी का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। भितरवार थाना पुलिस ने एक शातिर चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए मुख्य आरोपी ताज खान सहित दो लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने चोरी के सोने-चांदी के आभूषण छिपाने के लिए ऐसा ठिकाना चुना, जिसकी पुलिस को भी उम्मीद नहीं थी। उन्होंने करीब 12 लाख रुपये कीमत के जेवर घर की सीवेज पाइपलाइन के अंदर छिपा रखे थे। पुलिस ने प्लंबर की मदद से पाइप खुलवाकर पूरा माल बरामद कर लिया।

22 अक्टूबर को घर में हुई थी लाखों की चोरी

पुलिस के मुताबिक, चोरी की यह वारदात भितरवार थाना क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 2 में हुई थी। 22 अक्टूबर को ज्ञानी भूषण पाठक के घर अज्ञात चोरों ने धावा बोला था। आरोपियों ने घर के कमरे में रखे संदूक और अलमारी को खंगाला और सोने-चांदी के कीमती आभूषण लेकर फरार हो गए। घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।

सीवेज पाइप के अंदर छिपाए थे जेवर

जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिरों की मदद से संदिग्धों की तलाश की। इसके बाद मुख्य आरोपी ताज खान और उसके एक साथी को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपियों ने चोरी की वारदात कबूल की। उनकी निशानदेही पर पुलिस जब ठिकाने पर पहुंची तो सीवेज पाइपलाइन के अंदर आभूषण छिपे मिले। इसके बाद प्लंबर बुलाकर पाइप खुलवाया गया और करीब 12 लाख रुपये के जेवर बरामद किए गए।

अन्य वारदातों को लेकर पूछताछ जारी

पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है। अधिकारियों को आशंका है कि गिरोह ने क्षेत्र में चोरी की अन्य वारदातों को भी अंजाम दिया हो सकता है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि गिरोह में और कौन-कौन शामिल है और चोरी का अन्य सामान कहां छिपाया गया है। इस कार्रवाई से क्षेत्र में हुई दूसरी चोरियों के खुलासे की उम्मीद भी बढ़ गई है।