15 दिनों में 500 करोड़ पार! रणवीर सिंह की ‘धुरंधर’ ने तोड़े रिकार्ड्स

रणवीर सिंह की फिल्म ‘धुरंधर’ ने 15वें दिन 500 करोड़ क्लब में एंट्री कर ली और हॉलीवुड फिल्म ‘अवतार’ की ओपनिंग से ज्यादा कमाई की।

15 दिनों में 500 करोड़ पार! रणवीर सिंह की ‘धुरंधर’ ने तोड़े रिकार्ड्स

रणवीर सिंह की फिल्म ‘धुरंधर’ को थियेटर्स में रिलीज हुए 15 दिन पूरे हो चुके हैं, लेकिन फिल्म की कमाई अभी भी थमने का नाम नहीं ले रही है। हर दिन शानदार कलेक्शन कर रही इस फिल्म ने मेकर्स के साथ-साथ फैंस को भी खुश कर दिया है।

5 दिसंबर को रिलीज हुई आदित्य धर की इस फिल्म ने 15वें दिन भी बॉक्स ऑफिस पर कमाल किया। सैकनिक की रिपोर्ट के मुताबिक शुक्रवार को फिल्म ने करीब 22.50 करोड़ रुपये की कमाई की और शनिवार को (खबर लिखने तक) लगभग 17 करोड़ से ज्यादा की कमाई करते हुए ये फिल्म 500 करोड़ क्लब में शामिल हो गई। 

हॉलीवुड फिल्म को भी छोड़ा पीछे

19 दिसंबर को रिलीज हुई हॉलीवुड की बड़ी फिल्म ‘अवतार: फायर एंड ऐश’ भी ‘धुरंधर’ की रफ्तार नहीं रोक पाई। अवतार ने ओपनिंग डे पर जहां करीब 20 करोड़ रुपये कमाए, वहीं ‘धुरंधर’ ने अपने 15वें दिन इससे ज्यादा कलेक्शन कर लिया। इससे साफ है कि भारतीय दर्शकों के बीच फिल्म का क्रेज कितना जबरदस्त है।

रणवीर सिंह के करियर की सबसे बड़ी हिट

‘धुरंधर’ अब रणवीर सिंह के करियर की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म बन चुकी है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म ने कई दिनों तक रोजाना 20 करोड़ से ज्यादा का बिजनेस किया है और दो बार तो इसका कलेक्शन 50 करोड़ तक पहुंच गया।

वर्ल्डवाइड कमाई 700 करोड़ के पार

अगर कुल कमाई की बात करें तो फिल्म ने पहले हफ्ते में करीब 218 करोड़ रुपये, दूसरे हफ्ते में 261.50 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया। वहीं, वर्ल्डवाइड कमाई 700 करोड़ रुपये से ज्यादा हो चुकी है।

500 करोड़ क्लब में सबसे तेज एंट्री

हिंदी फिल्मों के इतिहास में 500 करोड़ क्लब में सबसे तेज़ पहुंचने का रिकॉर्ड ‘पुष्पा 2’ के नाम है, जिसने यह मुकाम 10 दिनों में हासिल किया। शाहरुख खान की ‘जवान’ 13 दिन में इस क्लब में पहुंची थी। अब ‘धुरंधर’ 15 दिनों में 500 करोड़ क्लब में शामिल होकर तीसरी सबसे तेज़ फिल्म बन गई है। इस मामले में इसने ‘एनिमल’, ‘पठान’, ‘गदर 2’, ‘स्त्री 2’ और ‘बाहुबली 2’ जैसी फिल्मों को भी पीछे छोड़ दिया है।

कहानी और स्टारकास्ट

फिल्म में रणवीर सिंह के साथ अक्षय खन्ना, संजय दत्त, आर माधवन, अर्जुन रामपाल, सारा अर्जुन और राकेश बेदी जैसे बड़े कलाकार नजर आ रहे हैं। फिल्म की कहानी पाकिस्तान के कराची शहर के ल्यारी इलाके में होने वाले गैंग वॉर पर आधारित है। हालांकि, डायरेक्टर आदित्य धर ने इसे पूरी तरह काल्पनिक बताया है।

पार्ट 2 का भी इंतजार

फिल्म की जबरदस्त सक्सेस के बाद अब फैंस इसके दूसरे पार्ट का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। ‘धुरंधर पार्ट 2’ मार्च 2026 में रिलीज होगी जिसकी अनाउंसमेंट पार्ट 1 के क्लाइमेक्स की किया गया है।