सेवा सहकारी समितियों की अव्यवस्थाओं को लेकर किसान संघ ने किया प्रदर्शन

भारतीय किसान संघ महाकौशल प्रांत ने बुधवार को जिले की सहकारी समितियों में खाद वितरण में हो रही गड़बड़ियों, देरी और भ्रष्टाचार के खिलाफ कॉलेज चौराहा स्थित सहकारिता महाप्रबंधक कार्यालय में जोरदार प्रदर्शन किया।

सेवा सहकारी समितियों की अव्यवस्थाओं को लेकर किसान संघ ने किया प्रदर्शन

ऋषभ पांडेय 

रीवा। जिले की बहुउद्देशीय कृषक सेवा सहकारी समितियों में हो रही गम्भीर अनियमितताओं, खाद वितरण में देरी और किसानों के शोषण के खिलाफ भारतीय किसान संघ महाकौशल प्रान्त ने बुधवार को सहकारिता महाप्रबंधक कार्यालय, कॉलेज चौराहा में धरना प्रदर्शन किया।

प्रदर्शन में क्षेत्रीय किसान बड़ी संख्या में शामिल हुए और समस्याओं के शीघ्र निराकरण की मांग को लेकर 13 सूत्रीय मांग पत्र सौंपा। किसान संघ का आरोप है कि खरीफ फसल (धान) के सीजन के दौरान जिले की अधिकांश सेवा सहकारी समितियों में यूरिया की पर्याप्त उपलब्धता नहीं है।

बरसात के चलते खेतों में कार्य आरंभ हो चुका है, लेकिन किसानों को यूरिया खाद के लिए दर-दर भटकना पड़ रहा है। मांग की गई है कि सभी समितियों में यूरिया की शीघ्र आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। संघ ने यह भी मांग की है कि आगामी रबी सीजन को देखते हुए सभी प्रकार के उर्वरकों का अग्रिम भंडारण किया जाए, ताकि किसानों को समय पर खाद और बीज मिल सके।

 यह भी पढ़ें- मुख्यमंत्री के निर्देशों पर सख्त कमिश्नर, विकास योजनाओं और रोजगार मेले को लेकर करवाई के निर्देश

संघ ने आरोप लगाया है कि सहकारी समितियों द्वारा खाद वितरण में अनियमितता की जा रही है। विशेष रूप से बरहदी और दुअरा समितियों में खाद और ऋण वितरण में गंभीर गड़बड़ी सामने आई है।

किसानों का कहना है कि समिति प्रबंधकों द्वारा घर से खाद बेचने, ओवर रेटिंग करने और समिति में उपलब्ध खाद को छिपाकर रखे जाने की शिकायतें लगातार मिल रही हैं। मांग की गई है कि इन प्रबंधकों को तत्काल प्रभाव से हटाकर निष्पक्ष जांच कराई जाए। 

सहकारी केंद्रीय बैंक की भूमिका पर भी उठे सवाल

किसानों का आरोप है कि सहकारी केंद्रीय बैंक द्वारा समितियों की आय का पैसा उनकी सहमति के बिना ऐसे खातों में स्थानांतरित किया जा रहा है जो NPA हो चुके हैं। इससे समितियों को लाभ के बावजूद घाटा दर्शाया जा रहा है। संघ ने मांग की है कि अब तक की सभी कटौतियों को वापस कर संबंधित समितियों के खातों में पैसा लौटाया जाए।

विक्रेताओं को बना दिया गया समिति प्रबंधक कर रहे भ्रष्टाचार 

किसान संघ के प्रतिनिधि राम नारायण सिंह ने बताया बता दे पूरे जिले विक्रेताओं को समिति प्रबंधक बना दिया गया जो अब खुलेआम भ्रष्टाचार में संलिप्त होकर काम कर रहे हैं विशेष तौर पर रायपुर कर्चुलियान जनपद अंतर्गत बरहदी सेवा सहकारी समिति में समिति प्रबंधक की नियमित नियुक्ति नहीं होने के कारण, विक्रेता को ही प्रबंधक का प्रभार दे दिया गया है, जो किसानों को गुमराह कर रहा है।

 यह भी पढ़ें- 5.21 करोड़ में तय हुआ अटल पार्क का ठेका, रीवा की कंपनी को मिली जिम्मेदारी

किसान संघ का आरोप है कि वह समिति में खाद होने के बावजूद घर से ओवररेट पर खाद बेच रहा है। किसानों की मांग है कि जब तक नियमित समिति प्रबंधक की नियुक्ति नहीं होती, तब तक समिति के प्रबंधक या वरिष्ठ विक्रेता को ही वैध रूप से अतिरिक्त प्रभार सौंपा जाए।

संघ ने यह भी मांग की है कि 25% खाद नगद में बेची जाए, जिससे बिना अनावश्यक औपचारिकताओं के जरूरतमंद किसानों को खाद आसानी से मिल सके। इसके साथ ही हर समिति को निर्देशित किया जाए कि पंजीयन की तिथि से लेकर अब तक ली गई अंश राशि का किसानवार हिसाब रजिस्टर में संधारित कर, पारदर्शी रूप से बोर्ड पर चस्पा किया जाए।