मऊगंज में गौ सम्मान अभियान, 1.25 लाख हस्ताक्षरों के साथ सौंपा ज्ञापन
मऊगंज में गौ सम्मान आह्वान अभियान के तहत 1.25 लाख हस्ताक्षरों के साथ राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा गया. गौ माता को राष्ट्रमाता का दर्जा देने समेत कई मांगें उठीं.
राजेंद्र पयासी मऊगंज
मऊगंज. जिले में गौवंश संरक्षण और जनजागरण को लेकर चलाए जा रहे "गौ सम्मान आह्वान अभियान" के तहत सोमवार को बड़ी संख्या में गौसेवकों ने कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर राष्ट्रपति, राज्यपाल, प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा. ज्ञापन के साथ 1 लाख 25 हजार नागरिकों के हस्ताक्षरों की डिजिटल प्रति (सीडी) भी प्रशासन को सौंपी गई.
यह अभियान चराचर जगत उत्थान कल्याण समिति के बैनर तले संचालित किया गया. समिति ने 2 अप्रैल से 8 अप्रैल 2026 तक "गौ सम्मान पदयात्रा एवं जनजागरण अभियान" चलाया था. इसके बाद जिलेभर में हस्ताक्षर अभियान शुरू किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया.
चाक मोड़ से शुरू हुई पदयात्रा में गौ माता को आगे रखकर भजन-कीर्तन और शंखनाद के साथ श्रद्धालु शामिल हुए. युवा, वरिष्ठ नागरिक और गौसेवक बड़ी संख्या में पदयात्रा में शामिल हुए. कलेक्टर कार्यालय पहुंचने पर नायब तहसीलदार नीरज द्विवेदी को ज्ञापन सौंपा गया.
अभियान के संयोजक एवं समाजसेवी अखिलेश पाण्डेय ने कहा कि गौ माता भारतीय संस्कृति, कृषि और ग्रामीण अर्थव्यवस्था का महत्वपूर्ण आधार हैं. इसलिए देशी गौवंश को "राष्ट्रमाता" अथवा "राष्ट्र आराध्या" का संवैधानिक दर्जा दिया जाना चाहिए.
ज्ञापन में केंद्र सरकार से गौवंश संरक्षण के लिए एकीकृत कानून बनाने, अलग गोपालन मंत्रालय गठित करने तथा गौ तस्करी और गौवध के मामलों में कठोर दंड का प्रावधान करने की मांग की गई.
स्थानीय मांगों में प्रत्येक ग्राम पंचायत में नंदीशाला की स्थापना, जिला मुख्यालय में आदर्श गो अभ्यारण्य का निर्माण, राष्ट्रीय एवं राज्य राजमार्गों पर घायल गौवंश के उपचार के लिए गौ-वाहिनी एंबुलेंस सेवा शुरू करने तथा गोचर भूमि को अतिक्रमण मुक्त कर संरक्षित करने की मांग भी शामिल रही.
कार्यक्रम में संरक्षक संतोष पयासी, शंकरलाल गुप्ता, सह संयोजक मुकेश चतुर्वेदी, देवेंद्र पाण्डेय, के.डी. शुक्ला, रोहित शुक्ला, मयंक मिश्रा, अजय द्विवेदी सहित विश्व हिंदू परिषद के पदाधिकारी एवं सैकड़ों गौसेवक मौजूद रहे.
नायब तहसीलदार नीरज द्विवेदी ने ज्ञापन प्राप्त कर शासन तक शीघ्र भेजने का आश्वासन दिया. वहीं संयोजक अखिलेश पाण्डेय ने कहा कि यदि मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई तो अभियान को जिला और प्रदेश स्तर पर और तेज किया जाएगा तथा आवश्यकता पड़ने पर दिल्ली में भी प्रदर्शन किया जाएगा.
Anubhav Dubey 
