सूने मकान में चोरी करने घुसे चोर को पड़ोसियों ने पकड़ा, हाथ-पैर बांधकर किया पुलिस के हवाले
सतना जिला के कोटर कस्बा में सूने मकान को निशाना बनाकर चोरी की कोशिश का मामला सामने आया है. स्थानीय निवासी रमेश त्रिपाठी के घर का ताला तोड़कर तीन चोर अंदर घुस गए.
सतना जिला के कोटर कस्बा में सूने मकान को निशाना बनाकर चोरी की कोशिश का मामला सामने आया है. स्थानीय निवासी रमेश त्रिपाठी के घर का ताला तोड़कर तीन चोर अंदर घुस गए. घटना के वक्त रमेश त्रिपाठी अपने बेटे के पास मैहर गए हुए थे, जिससे घर पूरी तरह खाली था.
चोरी की आहट सुनकर पड़ोसी पंकज गोस्वामी को शक हुआ. उन्होंने तुरंत रमेश के भाई लल्लू उर्मलिया को सूचना दी. दोनों मौके पर पहुंचे और साहस दिखाते हुए आरोपियों को पकड़ने का प्रयास किया. इसी दौरान दो आरोपी किसी वाहन से फरार हो गए, जबकि एक युवक को पंकज गोस्वामी और लल्लू उर्मलिया ने पकड़ लिया.
पकड़े गए आरोपी ने भागने की कोशिश में चाकू से हमला कर दिया, जिसमें लल्लू उर्मलिया घायल हो गए. बताया जा रहा है कि उन पर दो से तीन वार किए गए. इसके बावजूद दोनों ने हिम्मत नहीं हारी और आरोपी को काबू में कर पुलिस के हवाले कर दिया. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई.
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पकड़े गए आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है. पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी सतना के बजरहा टोला का निवासी है, जबकि फरार दो आरोपी कोटर कस्बे के ही बताए जा रहे हैं. पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है.
shivendra 
