Mauganj में ‘जन सुरक्षा-युवा सृजन संवाद’ कार्यक्रम, विद्यार्थियों को कानून और साइबर सुरक्षा की दी गई जानकारी
मऊगंज पुलिस का जागरूकता अभियान: छात्र-छात्राओं को साइबर अपराध, अधिकार और कानून के प्रति किया जागरूक
मऊगंज से राजेंद्र पयासी की रिपोर्ट।
मध्यप्रदेश पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार और जिला प्रशासन के सहयोग से मऊगंज पुलिस एवं स्कूल शिक्षा विभाग ने शासकीय सांदीपनी उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में "जन सुरक्षा-युवा सृजन संवाद" जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को सामाजिक सुरक्षा, मौलिक अधिकारों, कर्तव्यों और कानून के प्रति जागरूक कर उन्हें जिम्मेदार नागरिक बनाना है।

कार्यक्रम में कक्षा 12वीं के 100 से अधिक छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। पुलिस अधिकारियों द्वारा विद्यार्थियों को भारतीय कानूनों की बुनियादी जानकारी, साइबर अपराधों से बचाव, ऑनलाइन धोखाधड़ी, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग, महिला एवं बाल सुरक्षा और डिजिटल प्लेटफॉर्म के जिम्मेदारीपूर्ण उपयोग के संबंध में विस्तार से बताया गया। साथ ही उन्हें थाना कोतवाली का भ्रमण कराकर पुलिस की कार्यप्रणाली और जनसेवा से भी परिचित कराया गया।

कार्यक्रम के दौरान मध्यप्रदेश शासन की मंशा "साइबर जागरूकता, सशक्त युवा बेहतर भविष्य, सुरक्षित समाज" को केंद्र में रखते हुए युवाओं को समाज में सकारात्मक भूमिका निभाने, कानून का सम्मान करने और साइबर अपराधों के प्रति सतर्क रहने का संदेश दिया गया। अधिकारियों ने बताया कि आगामी दिनों में सभी छात्र-छात्राओं को कोतवाली थाना और कंट्रोल रूम का भ्रमण भी कराया जाएगा।

इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शशिकांत सरयाम, एसडीओपी सचि पाठक, थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक रामसिंह पटेल, सहायक जिला अभियोजन अधिकारी अंजू सिंह, साइबर सेल से भावेश द्विवेदी और जिला क्रीड़ा अधिकारी धर्मेंद्र पांडेय उपस्थित रहे। विद्यालय की ओर से प्राचार्य भोलानाथ उपाध्याय सहित समस्त स्टाफ ने कार्यक्रम में सक्रिय सहभागिता निभाई।

पुलिस अधीक्षक मऊगंज सुरेंद्र कुमार जैन ने कहा कि बदलते समय में युवाओं को कानून और साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करना आवश्यक है। मऊगंज पुलिस भविष्य में भी ऐसे जनजागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से आमजन को सुरक्षा संबंधी विषयों पर जागरूक करती रहेगी।
Varsha Shrivastava 
